अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला: सेब, आड़ू-खुबानी का जैम, हाथ से बुनी शॉल; दिल्ली ट्रेड फेयर में दिख रहा 'पहाड़ी' जलवा
हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक उत्पाद जैसे जैम, चटनी और शॉल दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

हिमाचल पवेलियन पर बने सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें लेते लोग। जागरण
HighLights
हिमाचल के पारंपरिक उत्पाद दिल्ली व्यापार मेले में प्रदर्शित।
पहाड़ी फलों से बने जैम और ऊनी शॉल मुख्य आकर्षण।
स्थानीय महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। पहाड़ों में कभी घरों तक सीमित रहने वाली कई चीजें अब कारोबार का रूप ले रही हैं। सेब, आड़ू, आलूबुखारा और खुबानी जैसे फलों से जैम तैयार हो रहा है तो पारंपरिक पहाड़ी ऊन से शाल और स्टाल की बुनाई हो रही है।
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हिमाचल प्रदेश का मंडप इसी बदलती तस्वीर को सामने रख रहा है। यहां छोटे कारोबारियों, महिला उद्यमियों और पारंपरिक कारीगरों ने अपनी मेहनत को बड़े बाजार तक पहुंचाने की कोशिश की है।
सिरमौर की रुहानी तोमर और रितिका तोमर पहाड़ी फलों को जैम में बदलकर ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं। आड़ू, आलूबुखारा और खुबानी से तैयार जैम की कीमत 275 रुपये रखी गई है।
महिलाओं को गांव में ही मिले रोजगार के अवसर
उनका प्रयास स्थानीय फलों को बाजार में पहचान दिलाने के साथ महिलाओं के लिए गांव में ही रोजगार के अवसर तैयार करना है। वहीं बिलासपुर की इंद्रा ठाकुर पहाड़ी स्वाद को चटनियों, अचार और घी के जरिये दिल्ली तक लाई हैं।
उनके स्टाल पर अलग-अलग फलों और मसालों से बनी चटनियां 100 से 270 रुपये तक उपलब्ध हैं। दूसरी ओर कुल्लू के बुनकर जयदेव ठाकुर और नोक सिंह पारंपरिक बुनाई को आगे बढ़ा रहे हैं।
इनके यहां दो हजार से 6500 रुपये तक की शाल उपलब्ध हैं। हिमाचल के 15 स्टाल में हथकरघा, हस्तशिल्प और स्थानीय खाद्य उत्पादों की यह मौजूदगी दिखाती है कि पहाड़ का हुनर अब बड़े बाजार में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहा है।