लुटियंस व मध्य दिल्ली का इलाका अभेद्य किले में तब्दील
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने गुरुवार दोपहर बाद से ही एम्स से लेकर पूर्व प्रध्
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
दिल्ली पुलिस ने गुरुवार दोपहर बाद से ही एम्स से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 6-कृष्णमेनन मार्ग स्थित आवास तक सुरक्षा कड़ी कर दी थी। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने भाजपा मुख्यालय और आउटर ¨रग रोड स्थित राष्ट्रीय स्मृति स्थल के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी है। शाम को अटल के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस मुख्यालय में सभी आला अधिकरियों की आपात बैठक हुई। बैठक में पुलिस ने भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय व स्मृति स्थल के पास सुरक्षा को लेकर खाका तैयार किया। रात में ही पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक के निर्देश पर नई दिल्ली व मध्य जिले को पुलिस व पैरा मिलिट्री ने अपने कब्जे में ले लिया। दोनों जिलों को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है।
पुलिस के खुफिया विभाग ने रिपोर्ट दी है कि पूर्व प्रधानमंत्री के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन करने करीब एक लाख लोग लुटियंस दिल्ली में जुट सकते हैं। साथ ही लाखों की संख्या में लोग अंतिम संस्कार में भी शरीक होने पहुंच सकते हैं। लिहाजा, दिल्ली पुलिस ने उसी अनुरूप सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। देर रात तक अमूल्य पटनायक मुख्यालय में आला अधिकारियों के साथ सुरक्षा को लेकर बैठक करते रहे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को कई वीवीआइपी हस्तियों के दिल्ली पहुंचने की संभावना है। लिहाजा, दिल्ली के सभी बड़े होटलों के आसपास भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक व दिल्ली के दोनों विशेष आयुक्त (कानून व्यवस्था) संदीप गोयल व आरपी उपाध्याय ने खुद सुरक्षा व्यवस्था की कजिम्मेदारी संभाल रखी है। लुटियंस दिल्ली से लेकर भाजपा मुख्यालय व स्मृति स्थल के आसपास आउटर ¨रग रोड पर चप्पे-चप्पे पर दिल्ली पुलिस के अलावा पैरा मिलिट्री के जवानों की तैनाती कर दी गई है। सभी जिलों से रात को ही 4-4 इंस्पेक्टर व 2-2 एसीपी को बुला लिया गया है। साथ ही सभी 250 थाने से 10-10 सिपाहियों को भी बुलाया गया है। लुटियंस दिल्ली से लेकर मध्य दिल्ली तक करीब 10 हजार दिल्ली पुलिस व करीब इतनी ही संख्या में पैरा मिलिट्री के जवान तैनात रहेंगे। ऐसा अनुमान है कि अटल के अंतिम दर्शन को दिल्ली-एनसीआर के लोगों का जनसैलाब भी उमड़ सकता है। पुलिस ने हर तरह के हालात से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय स्मृति स्थल में अंतिम संस्कार के दौरान आउटर ¨रग रोड को आम जनता के लिए बंद नहीं किया जाएगा।