20 अक्टूबर तक दिल्ली में संभलकर निकलें, CR पार्क और GK-2 के ये रास्ते रहेंगे बंद; देखें टाइमिंग और वैकल्पिक मार्ग
Delhi Traffic Advisory News: दक्षिणी दिल्ली में दुर्गा पूजा समारोहों के कारण अगले कुछ दिनों तक प्रमुख सड़कों पर यातायात ...और पढ़ें

दिल्ली में अगले कुछ दिन प्रमुख रास्तों पर लग सकता है जाम। AI जनरेटेड
HighLights
दक्षिणी दिल्ली में दुर्गा पूजा से बढ़ेगा यातायात दबाव।
सीआर पार्क, ग्रेटर कैलाश-2 में निजी वाहन प्रतिबंधित।
यातायात पुलिस ने मेट्रो उपयोग की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, दक्षिण दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में दुर्गा पूजा समारोह के चलते अगले कुछ दिनों तक प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका है।
चितरंजन पार्क (सीआर पार्क) और ग्रेटर कैलाश-2 में आयोजित होने वाले समारोहों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए यातायात पुलिस ने इन क्षेत्रों के आसपास की आठ प्रमुख सड़कों पर (Delhi Traffic Alert) यातायात प्रभावित रहने की आशंका जताई है।
20 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक (Delhi Traffic Advisory) प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस दौरान सीआर पार्क और ग्रेटर कैलाश-2 में श्रद्धालुओं के निजी वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
इन रास्तों पर हो सकता है यातायात प्रभावित
यातायात पुलिस के अनुसार, आउटर रिंग रोड पर वसंत विहार से मोदी मिल फ्लाईओवर तक, लाला लाजपत राय मार्ग पर सीआर पार्क के निकट, अगस्त क्रांति मार्ग पर रिंग रोड से आउटर रिंग रोड के बीच और महरौली-बदरपुर रोड पर खानपुर से जामिया हमदर्द तक यातायात प्रभावित हो सकता है।
इसके अलावा गुरु रविदास मार्ग, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग और जोसिप ब्रोज टीटो मार्ग के कुछ हिस्सों में भी वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सीआर पार्क और ग्रेटर कैलाश-2 की आंतरिक सड़कों पर भी यातायात का दबाव रहने की संभावना है।
सड़कों की चौड़ाई सीमित
दुर्गा पूजा पंडाल आवासीय कॉलोनियों के भीतर स्थित हैं, जहां सड़कों की चौड़ाई सीमित है और आगंतुकों के वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। ऐसे में निजी वाहनों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग की समस्या के साथ जाम का सामना करना पड़ सकता है।
यातायात पुलिस ने प्रभावित क्षेत्रों में अनधिकृत पार्किंग नहीं करने की चेतावनी दी है। यातायात बाधित करने वाले या गलत तरीके से खड़े वाहनों को हटाया जा सकता है और नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
मेट्रो से पहुंचना रहेगा सुविधाजन
यातायात पुलिस ने सीआर पार्क पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। श्रद्धालु ग्रेटर कैलाश और नेहरू एन्क्लेव मेट्रो स्टेशन पर उतरकर आगे पैदल पंडालों तक पहुंच सकते हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से प्रभावित मार्गों का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने, यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने और ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
दुर्गा पूजा के दौरान शाम के समय पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में इन इलाकों से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों को भी यात्रा से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
