हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 4.70 लाख रुपये का कुकिंग मीडियम जब्त; 3 सैंपल लैब भेजे
खाद्य सुरक्षा टीम ने गढ़मुक्तेश्वर स्थित शिव फूड प्रोडक्ट्स पर छापा मारकर कुकिंग मीडियम के तीन नमूने जांच के लिए ...और पढ़ें

हापुड़ में कार्रवाई के दौरान टीम। फोटो: जागरण
HighLights
गढ़मुक्तेश्वर के शिव फूड प्रोडक्ट्स पर खाद्य सुरक्षा टीम का छापा।
कुकिंग मीडियम के तीन नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।
4.70 लाख रुपये का 752 लीटर कुकिंग मीडियम जब्त किया गया।
जागरण संवाददाता, हापुड़। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गढ़मुक्तेश्वर तहसील स्थित शिव फूड प्रोडक्ट्स के निर्माण स्थल पर जांच की।
इस दौरान पंजीकरण और निर्माण में भिन्नता मिलने तथा उत्पादों पर संदेह के आधार पर टीम ने कुकिंग मीडियम (वेजिटेबल फैट) के तीन नमूने संग्रहीत कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। वहीं, मौके से 752 लीटर कुकिंग मीडियम जब्त कर खाद्य कारोबारी की अभिरक्षा में दे दिया गया। इसकी कीमत करीब 4.70 लाख रुपये बताई गई है।
तीन नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे
जिलाधिकारी के निर्देश पर 22 अक्टूबर को सहायक आयुक्त द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहित कुमार, विपिन कुमार, सोमेंद्र सिंह एवं सहरिश सदात शामिल रहे।
जांच के दौरान टीम ने अलग-अलग नाम से पैक किए गए कुकिंग मीडियम (वेजिटेबल फैट) के दो नमूने और एक खुले तैयार पदार्थ का नमूना लिया। तीनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। इसके अलावा निर्माण स्थल पर मिली कमियों को दूर करने के लिए खाद्य कारोबारी को सुधार सूचना जारी की जाएगी।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, जब्त किए गए 752 लीटर कुकिंग मीडियम को कारोबारी की अभिरक्षा में दिया गया है। नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट से उत्पादों की गुणवत्ता और मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी।
