विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

GTB अस्पताल से डेढ़ माह का बच्चा चोरी, बुर्का पहने संदिग्ध महिला की तलाश में जुटी दिल्ली पुलिस

Published: Fri, 16 Oct 2026 08:15 PM (IST)

दिल्ली के जीटीबी अस्पताल की फार्मेसी से डेढ़ माह का बच्चा चोरी हो गया। मां बच्चे को दिखवाने के बाद दवा खरीदने पहुंची थी, तभी बच्चा गायब हो गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. जीटीबी अस्पताल फार्मेसी से डेढ़ माह का बच्चा चोरी।

  2. बुर्का पहने अज्ञात महिला बच्चे को लेकर हुई फरार।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। जीटीबी एन्क्लेव स्थित गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल की फार्मेसी से डेढ़ माह के बच्चे के चोरी होने का मामला सामने आया है। बच्चे की मां उसे डाक्टर को दिखाने के लिए अस्पताल लेकर पहुंची थी।

इसी दौरान एक अज्ञात महिला बच्चे को लेकर फरार हो गई। पीड़िता की शिकायत पर जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दवा खरीदते वक्त गायब हुआ बच्चा

पुलिस को दी शिकायत में सलोनी ने बताया कि वह अपने पति नीतेश के साथ हर्ष विहार के साबोली विस्तार इलाके में रहती हैं। 15 अक्टूबर को वह अपने डेढ़ माह के बेटे को दिखाने के लिए जीटीबी अस्पताल की एमसीएच बिल्डिंग पहुंची थीं। डाक्टर से परामर्श लेने के बाद उन्हें बच्चे के लिए दवाएं लिखकर दी गईं। इसके बाद वह अस्पताल की फार्मेसी से दवाएं लेने पहुंचीं।

शिकायत के अनुसार, फार्मेसी में दवा लेने के दौरान बच्चा उनके पास था। इसी बीच काले रंग का बुर्का पहने एक महिला उनके पास आई और बातचीत करने लगी। महिला ने बताया कि वह नंद नगरी के सी-3 ब्लॉक में रहती है। उसने सलोनी से पानी मांगा और बातचीत में उन्हें उलझाए रखा।

इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे सलोनी ने देखा कि उनका बच्चा वहां नहीं है। जिस महिला से उनकी बातचीत हुई थी, वह भी गायब थी।

बच्चें को तलाशने में जुटी पुलिस

सलोनी ने अपने स्तर पर बच्चे और महिला की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। शिकायत में महिला के पहनावे का भी जिक्र किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- अभिजीत दीपके-नेहा बोरा हिरासत में, कनॉट प्लेस पर दिल्ली पुलिस का सख्त पहरा; लेफ्ट संगठनों ने निकाला तिरंगा मार्च