विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वैश्विक मंच पर भारत का बढ़ा कद, ICAI अध्यक्ष प्रसन्न कुमार डी बने IFAC के बोर्ड मेंबर; 3 साल तक संभालेंगे जिम्मेदारी

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:50 PM (IST)

आइसीएआइ अध्यक्ष सीए प्रसन्न कुमार डी को इंटरनेशनल फेडरेशन आफ अकाउंटेंट्स (आईएफएसी) के बोर्ड मेंबर के रूप में निर्वाचित किया गया है।

ICAI अध्यक्ष प्रसन्न कुमार डी बने IFAC के बोर्ड मेंबर। फाइल फोटो

ICAI अध्यक्ष प्रसन्न कुमार डी बने IFAC के बोर्ड मेंबर। फाइल फोटो

HighLights

  1. आइसीएआइ अध्यक्ष प्रसन्न कुमार डी आइएफएसी बोर्ड मेंबर बने।

  2. दक्षिण कोरिया के सियोल में तीन वर्ष के लिए निर्वाचन हुआ।

  3. वैश्विक स्तर पर भारतीय सीए पेशे की भागीदारी बढ़ेगी।

अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे के लिए गौरव की बात है कि इंस्टीट्यूट आफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स आफ इंडिया (आईसीएआई) के अध्यक्ष सीए प्रसन्न कुमार डी को इंटरनेशनल फेडरेशन आफ अकाउंटेंट्स (आईएफएसी) के बोर्ड मेंबर के रूप में निर्वाचित किया गया है।

17 नवंबर 2026 को दक्षिण कोरिया के सियोल में आयोजित आईएफएसी काउंसिल की बैठक में उनका निर्वाचन हुआ। वह नवंबर 2026 से नवंबर 2029 तक तीन वर्ष इस पद पर रहेंगे। आईसीएआई के उपाध्यक्ष सीए मंगेश किनारे बोर्ड में उनके टेक्निकल एडवाइजर होंगे।

बढ़ेगी भारत की भागीदारी

इस निर्वाचन से वैश्विक अकाउंटेंसी प्रोफेशन में भारत की भागीदारी और प्रभाव बढ़ेगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लेखांकन, आडिटिंग और वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े मानकों के निर्धारण में भारतीय विशेषज्ञों को अपनी बात रखने और नीतिगत फैसलों में योगदान देने का अवसर मिलेगा।

आईसीएआई आईएफएसी के संस्थापक सदस्यों में से एक है। ऐसे में उसके अध्यक्ष का इस वैश्विक संगठन के बोर्ड में पहुंचना भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे की अंतरराष्ट्रीय पहचान और प्रतिष्ठा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

बैठक में आईएफएसी ने आस्ट्रेलिया की टैरिन रुल्टन को दो वर्ष के लिए प्रेसिडेंट और अमेरिका की कैथरीन बायर्न को डिप्टी प्रेसिडेंट निर्वाचित किए जाने की भी घोषणा की।

क्या है आईएफएसी और क्या करता है इसका बोर्ड

आईएफएसी अकाउंटेंसी प्रोफेशन का वैश्विक संगठन है। इसकी स्थापना 1977 में हुई थी। इसमें 143 देशों और क्षेत्रों के 188 से अधिक प्रोफेशनल अकाउंटेंसी संगठन शामिल हैं। ये संगठन दुनिया भर के लाखों प्रोफेशनल अकाउंटेंट्स का प्रतिनिधित्व करते हैं। आईएफएसी का उद्देश्य अकाउंटेंसी प्रोफेशन को मजबूत करना और जनहित में वित्तीय पारदर्शिता तथा भरोसे को बढ़ावा देना है।

आईएफएसी का बोर्ड संगठन के संचालन और कामकाज की निगरानी करता है। इसमें आईएफएसी प्रेसिडेंट के अलावा काउंसिल की ओर से निर्वाचित 22 मेंबर होते हैं। बोर्ड मेंबर अलग-अलग देशों और अकाउंटेंसी प्रोफेशन के विभिन्न क्षेत्रों का अनुभव लेकर स्वैच्छिक आधार पर काम करते हैं।

यह बोर्ड आडिटिंग, एथिक्स, एजुकेशन और पब्लिक सेक्टर अकाउंटिंग से जुड़े उच्च गुणवत्ता वाले अंतरराष्ट्रीय स्टैंडर्ड के विकास, उन्हें अपनाने और लागू करने में सहयोग करता है। इससे वैश्विक स्तर पर वित्तीय पारदर्शिता, कारपोरेट गवर्नेंस और संस्थाओं के प्रति भरोसा मजबूत होता है।

दुनिया का सबसे बड़ा प्रोफेशनल अकाउंटेंसी संस्थान है आईसीएआई

आईसीएआई की स्थापना चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एक्ट 1949 के तहत संसद के कानून से हुई थी। यह केंद्रीय कारपोरेट कार्य मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में काम करता है। भारत में चार्टर्ड अकाउंटेंसी प्रोफेशन के नियमन और विकास की जिम्मेदारी इसी संस्थान की है।

इसमें 16 लाख से अधिक मेंबर्स और स्टूडेंट्स हैं। यह दुनिया का सबसे बड़ा प्रोफेशनल अकाउंटेंसी संस्थान है। देश में इसके पांच रीजनल काउंसिल और 189 ब्रांच हैं। इसके अलावा 47 देशों के 85 शहरों में 55 ओवरसीज चैप्टर और 30 रिप्रेजेंटेटिव आफिस भी हैं।

यह भी पढ़ें- ICAI CA Foundation Topper List 2026: सीए फाउंडेशन की परीक्षा में कंसिका और महक गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया टॉप, यहां देखें टॉपर्स लिस्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।