पहले बेची कार, फिर GPS और 'तीसरी चाबी' से कर ली चोरी! दिल्ली पुलिस ने दो आरोपी दबोचे
पूर्वी दिल्ली में शाहदरा जिला पुलिस ने जीपीएस और तीसरी चाबी का उपयोग कर बेची हुई कार चुराने वाले पूर्व मालिक और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।
-1792317133555_m.webp)
कार चोरी करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार। AI जनरेटेड
HighLights
पूर्व मालिक ने जीपीएस से कार ट्रैक कर चुराई।
शाहदरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
चोरी की कार और 89,500 रुपये नकद बरामद।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में शाहदरा जिला पुलिस ने बेची हुई कार को जीपीएस से ट्रैक कर चोरी करने के मामले में पूर्व मालिक और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने कार बेचने से पहले उसमें जीपीएस लगवा दिया था और तीसरी चाबी अपने पास रख ली थी। पुलिस ने चोरी की हुंडई वरना कार और नकद 89,500 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आठ अक्टूबर को दिलशाद गार्डन में खड़ी कार चोरी हो गई थी। उसमें दो लाख रुपये भी रखे थे। नौ अक्टूबर को सीमापुरी थाने में ई-एफआइआर दर्ज कर जांच एएटीएस को सौंपी गई।
फास्टैग की डिटेल खंगाली
पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और फास्टैग की डिटेल खंगाली तो हरियाणा के सोनीपत स्थित खेड़ी दहिया गांव पहुंची। जांच में कार के पूर्व मालिक योगेश दहिया का नाम सामने आया। पुलिस ने 14 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार किया। बाद में उसके साथी साहिल रोहिल्ला को भी दबोच लिया गया।
वहीं, पूछताछ में पता चला कि कंप्यूटर साइंस में बीएससी कर चुका योगेश और उसका कार मैकेनिक दोस्त साहिल पहले ही कार में जीपीएस लगाकर तीसरी चाबी अपने पास रख चुके थे।
4 मिनट में कार लेकर फरार
8 अक्टूबर को कार खड़ी होते ही उन्होंने उसकी लोकेशन ट्रैक की और चार मिनट के भीतर कार लेकर फरार हो गए। दोनों ने कार में रखे दो लाख रुपये आपस में बांट लिए थे।
पुलिस ने योगेश के घर से 39,500 रुपये और साहिल से 50 हजार रुपये बरामद किए। साहिल ने अपने हिस्से के 25 हजार रुपये खर्च करने की बात कही।
पुलिस ने पुरानी कार खरीदने वालों को सभी चाबियां लेने और जीपीएस व जुड़े मोबाइल अनुप्रयोगों का पुराना संपर्क हटवाने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद पुलिस ने हरियाणा से दबोचा आरोपी किन्नर, भाजपा नेता के घर से चोरी हुए थे लाखों के गहने
