अपडेट::उप्र व उत्तराखंड के पूर्व सीएम एनडी तिवारी का निधन
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : पूर्व केंद्रीय मंत्री और दो राज्यों (उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड) के पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी का निधन।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : पूर्व केंद्रीय मंत्री और दो राज्यों (उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड) के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी का गुरुवार को मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। वह 93 वर्ष के थे और लंबे समय से लकवा से पीड़ित थे। जन्मदिन के दिन ही (18 अक्टूबर) ही उन्होंने अंतिम सांस ली। सुबह उनके पुत्र रोहित शेखर तिवारी और परिवार के अन्य सदस्यों ने अस्पताल में उनका जन्मदिन मनाया। इसके बाद तबीयत ज्यादा बिगड़ने से दोपहर बाद 2:50 बजे उनका निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए तिलक लेन स्थित उनके आवास में रखा जाएगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एनडी तिवारी एक साल से अधिक समय से मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। 20 सितंबर 2017 को उन्हें ब्रेन स्ट्रोक (लकवा) होने के कारण भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत में कई बार उतार-चढ़ाव आया। पिछले कुछ दिनों से उन्हें आइसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट कर शोक जताया है। राज्यपाल भी रहे
तिवारी पहले ऐसे नेता हैं जो दो राज्यों के मुख्यमंत्री रहे। उत्तर प्रदेश के तीन बार व उत्तराखंड के एक बार मुख्यमंत्री थे। राजीव गांधी की सरकार में विदेश मंत्री और बाद में वित्त मंत्री बने। अगस्त 2007 से दिसंबर 2009 के बीच आंध्र प्रदेश के राज्यपाल भी रहे। कोर्ट के आदेश के बाद रोहित को पुत्र के रूप में स्वीकारा
रोहित शेखर तिवारी ने वर्ष 2008 में दिल्ली हाई कोर्ट में एनडी तिवारी के खिलाफ पितृत्व की याचिका दायर की। उन्होंने दावा किया था कि एनडी तिवारी उनके जैविक पिता हैं। कोर्ट के आदेश पर उनकी डीएनए जांच कराई गई। 27 जुलाई 2012 को कोर्ट में डीएनए रिपोर्ट जारी की गई, जिससे यह साबित हुआ कि एनडी तिवारी रोहित के जैविक पिता हैं। तीन मार्च 2014 को एनडी तिवारी ने यह सच्चाई स्वीकार कर ली और 14 मई 2014 को उन्होंने रोहित की माता उज्ज्वला तिवारी से शादी कर ली। मैक्स अस्पताल में इलाज के दौरान उज्ज्वला तिवारी व रोहित ने उनके स्वास्थ की नियमित देखभाल की।
-----------------
21 अक्टूबर को होगा अंतिम संस्कार
एनडी तिवारी का पार्थिव शरीर शुक्रवार को दोपहर के बाद एयर एंबुलेंस से लखनऊ ले जाया जाएगा, जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें राजकीय सम्मान दिए जाने की बात कही है। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर उत्तराखंड के काठगोदाम ले जाया जाएगा। पुत्र रोहित ने बताया कि 21 अक्टूबर को काठगोदाम में एनडी तिवारी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।