डेंगू की रोकथाम के लिए करवाई गई फॉगिग
शिव विहार वार्ड में बुधवार को पार्षद रीना देवी ने पूर्वी दिल्ली नगर निगम शाहदरा उत्तरी जोन के मलेरिया विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
शिव विहार वार्ड में बुधवार को पार्षद रीना देवी ने पूर्वी दिल्ली नगर निगम शाहदरा उत्तरी जोन के मलेरिया विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान वार्ड में डेंगू व मलेरिया की रोकथाम के लिए फॉगिंग व नालियों में दवा का छिड़काव करवाया। साथ ही वार्ड के लोगों को कोरोना महामारी व डेंगू से बचाव को लेकर जागरूक भी किया।
पार्षद रीना देवी ने बताया कि इलाके में कई खाली प्लाट हैं। खाली प्लाट में कूड़ा होने के कारण मच्छर पनप रहे हैं जिससे डेंगू व मलेरिया की बीमारी फैलने का खतरा है। इसलिए वार्ड के अंतर्गत आने वाले सभी इलाकों में फॉगिग करवाई गई। लोगों को डेंगू व मलेरिया के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। मौके पर मौजूद मलेरिया विभाग के कर्मचारियों से खाली प्लाट व नालियों में दवाई का छिड़काव करवाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ व शिक्षित देश के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भाजपा कार्यकर्ता आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।