गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर डेढ़ करोड़ रुपये लूटने के मामले में पांच गिरफ्तार, खरीदी गई नई बाइक बरामद
गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर 1.5 करोड़ रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर डेढ़ करोड़ लूट मामले में पांच गिरफ्तार।
HighLights
गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर 1.5 करोड़ रुपये की लूट।
पुलिस ने पांच आरोपियों को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब से दबोचा।
लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा और नई बाइक बरामद।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। एक प्रॉपर्टी कारोबारी के दो कर्मचारियों से पिछले हफ्ते गीता कालोनी फ्लाईओवर पर 1.5 करोड़ रुपयों से भरा बैग लूटने के मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से लूटी गई रकम में से करीब एक करोड़ रुपये, अपराध में इस्तेमाल बइक, और लूटी गई रकम से खरीदी गई 2.10 लाख की नई बाइक बरामद की गई है। साथ ही पुलिस ने वारदात के दौरान डराने के लिए इस्तेमाल किया गया खिलौना पिस्टल भी बरामद किया है।
संयुक्त आयुक्त, मध्य रेंज, मधुर वर्मा के मुताबिक, घटना सात सितंबर रात आठ बजे हुई थी। प्रॉपर्टी कारोबारी के पेमेंट कलेक्टर अपने एक साथी नरेश के साथ चर्च मिशन टी-प्वाइंट से ऑटो में सफदरजंग जा रहा था। उनके पास दो बैग थे, जिनमें तीन करोड़ रुपये (प्रत्येक बैग में 1.5 करोड़) थे।
ब्लैक बाइक पर सवार तीन लोगों ने ऑटो को रोक लिया
गीता कालोनी फ्लाईओवर के पास ब्लैक बाइक पर सवार तीन लोगों ने ऑटो को रोक लिया। दो बदमाशों ने पिस्टल जैसी वस्तु दिखाकर उन्हें घेर लिया था और एक बैग लूटकर आईटीओ की तरफ भाग गए थे। मामले में दरियागंज थाने में एफआइआर दर्ज करा दी गई थी।
डीसीपी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने रूट के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे तकनीकी सर्विलांस के आधार पर चार दिनों की मेहनत के बाद अपराधियों तक पहुंचने में सफलता मिली। जांच में पता चला कि यह लूट कुछ ऐसे युवकों ने प्लान की थी, जो छोटी-मोटी प्राइवेट नौकरियां करते थे और जल्द अमीर बनना चाहते थे। सूचना पर टीम ने दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में दबिश देकर पांच आरोपित को दबोच लिया।
सूरज पांडे को आनंद विहार बस टर्मिनल से गिरफ्तार किया गया
गिरफ्तार आरोपितों में फरीदाबाद निवासी सूरज पांडे को आनंद विहार बस टर्मिनल से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर 17 लाख रुपये और लूटी गई रकम से आइफोन बरामद हुआ है।
नजफगढ़ निवासी आदर्श तिवारी को नवादा से गिरफ्तार किया गया। इसके पास से 32.5 लाख रुपये और नई बाइक बरामद हुई। दीपक गोस्वामी, हनुमानगढ़, राजस्थान का रहने वाला है। उसे भी नवादा से दबोचा गया। संदीप उर्फ सैंडी, फरीदाबाद का रहने वाला है।
इसके पास से 11 लाख रुपये बरामद हुए। लुधियाना निवासी रिंकू मास्टरमाइंड है। उसके पास से 37.5 लाख रुपये मिले हैं। रिंकू पहले चांदनी चौक में कैश मूवमेंट से जुड़ा काम करता था। इसी ने रेकी और वारदात की साजिश रची थी। छठा आरोपित प्रिंस फरार है।
