छठ-दीवाली पर घर जाने की टेंशन खत्म, रेलवे ने बढ़ाईं स्पेशल ट्रेनें; 6200 से अधिक फेरे लगाने का प्लान
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे 6200 से अधिक विशेष ट्रेन फेरे चलाएगा। यह ...और पढ़ें

रेलवे ने त्योहार पर ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का फैसला लिया। फोटो: सांकेतिक
HighLights
त्योहारों के लिए 6200 से अधिक विशेष ट्रेन फेरे संचालित होंगे।
पिछले वर्ष की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक ट्रेन सेवाएं बढ़ाई गईं।
यूपी, बिहार, बंगाल के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। त्योहार के दिनों में ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। दीपावली व छठ के समय सबसे अधिक भीड़ पूर्व दिशा की ट्रेनों में है। इसे ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन इसमें भी जगह मिलने में परेशानी हो रही है।
विशेष ट्रेन घोषित होने के कुछ समय में ही सीट भर जाती है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों के 6200 से अधिक फेरे संचालित किए जाएंगे।
विशेष ट्रेनों के फेरों में 30 प्रतिशत वृद्धि
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय का कहना है कि त्योहार में यात्रियों को घर जाने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।
स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने के साथ यात्री सुविधाओं में विस्तार किया गया है। अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने के साथ ही अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की जा रही है। इसके साथ ही विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
पिछले वर्ष त्योहार के दिनों में विशेष ट्रेनों के 4666 फेरे संचालित किए गए थे। इस बार इसकी संख्या में लगभग 30 प्रतिशत वृद्धि की गई है। इस वर्ष उत्तर रेलवे के स्टेशनों से 42 नई ट्रेनें भी चलाई गई हैं। इससे भी यात्रियों को सुविधा होगी।
यूपी, बिहार और बंगाल के लिए विशेष ट्रेनें
अधिकांश विशेष ट्रेनें दिल्ली-पटना वंदे भारत, शकूरबस्ती-दरभंगा, माता वैष्णो देवी-वाराणसी, चंडीगढ़-पटना, आनंद विहार-पाटलीपुत्र, नई दिल्ली-हावड़ा, कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश, अमृतसर-बरौनी, नई दिल्ली-दानापुर, दिल्ली-कामाख्या, दिल्ली-गया, अमृतसर-जयनगर सहित उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल के अन्य शहरों के लिए चलाई जा रही हैं।
