EWS फर्जी दाखिलाः बेटी की गिरफ्तारी के तीन दिन बाद मां ने किया कोर्ट में समर्पण
दिल्ली के बड़े प्राइवेट स्कूलों में ईडब्ल्यूएस के तहत दाखिले में गड़बड़ी को लेकर रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं। ताजा मामले में तीन दिन पहले गिरफ्तार शातिर काजल की मां पुनीता ने रोहिणी कोर्ट नं. 115 में सरेंडर कर दिया। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को काजल के साथ-साथ
नई दिल्ली। दिल्ली के बड़े प्राइवेट स्कूलों में ईडब्ल्यूएस के तहत दाखिले में गड़बड़ी को लेकर रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं। ताजा मामले में तीन दिन पहले गिरफ्तार शातिर काजल की मां पुनीता ने रोहिणी कोर्ट नं. 115 में सरेंडर कर दिया। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को काजल के साथ-साथ पुनीता को भी लंबे समय से तलाश कर रही थी।
दिल्ली पुलिस ने तीन दिन पहले दाखिले में गड़बड़ी को लेकर नए मॉड्यूल का खुलासा करते हुए 20 साल की युवती काजल को गिरफ्तार किया था। काजल कॉलेज छात्रा है और पुनीता की बेटी है। दोनों मां-बेटी इस गोरखधंधे को चलाते थे। पुलिस को पुनीता के अन्य शातिर साथियों की तलाश है।
पुलिस के मुताबिक, काजल (20) और उसकी मां पुनीता ईडब्ल्यूएस के तहत दाखिले के लिए अलग गिरोह चलाती है। काजल और उसकी मां पुनीता ने दिल्ली के नामी प्राइवेट स्कूलों में बड़ी संख्या में दाखिले कराए हैं।
दाखिलों की संख्या 50 से अधिक बताई जा रही है। हर एक दाखिले की एवज में 3 से 7 लाख रुपये लिए जाते थे। ये पैसे शातिर गिरोह के सद्स्यों को उनकी भूमिका के मुताबिक दिए जाते थे।
अब तक प्राइवेट स्कूलों में ईडब्ल्यूएस के तहत दाखिले में गड़बड़ी को लेकर नौ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कुलमिलाकर इसमें तीन मॉल्डयूल हैं। पुलिस का मानना है कि इस मामले में नौ-दस मॉड्यूल हो सकते हैं। ऐसे में और गिरफ्तारियां होनी तय हैं। वहीं, पुलिस यह भी मान रही है कि इतनी बड़ी गड़बड़ी बिना स्कूल प्रबंधन में शामिल किसी शख्स की मिलीभगत के नहीं हो सकती है। ऐसे में वह बारीकी से जांच कर रही है।