विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IGI एयरपोर्ट पर एमिरेट्स विमान से पक्षी की टक्कर, स्ट्राइक के बाद फ्लाइट EK517 रोकी; दुबई जा रहे यात्री परेशान

By Mukesh ThakurEdited By: Pooja Tripathi
Published: Sat, 17 Oct 2026 06:51 PM (IST)

दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर दुबई जाने वाली एमिरेट्स की उड़ान EK517 से पक्षी टकरा गया, जिससे विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा और उड़ान में देरी हुई।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. IGI एयरपोर्ट पर एमिरेट्स EK517 से पक्षी टकराया।

  2. विमान के अगले हिस्से को नुकसान, उड़ान में देरी।

  3. यात्री नई जानकारी का इंतजार कर रहे, कोई घायल नहीं।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आईजीआई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को दुबई जाने वाली एमिरेट्स एयरलाइंस की उड़ान ईके 517 के साथ बर्ड स्ट्राइक की घटना सामने आई।

पक्षी के विमान से टकराने के बाद उसके अगले हिस्से (नोज कोन) को नुकसान पहुंचने की खबर है। इसके चलते उड़ान में देरी हुई और यात्रियों को आगे की यात्रा के संबंध में जानकारी मिलने का इंतजार करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमिरेट्स की उड़ान ईके 517 को शनिवार शाम 4:25 बजे टर्मिनल-3 से दुबई के लिए रवाना होना था। हालांकि, पक्षी से टकराने की घटना के बाद विमान के निर्धारित समय पर उड़ान भरने में बाधा आई। विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचा है।

घटना से संबंधित वीडियो भी वायरल

घटना से संबंधित वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए, जिनमें विमान के अगले हिस्से पर क्षति दिखाई देने का दावा किया गया है। विमान के अगले हिस्से को नुकसान पहुंचने की स्थिति में उसकी तकनीकी जांच जरूरी होती है।

ऐसे में विमान की स्थिति का आकलन करने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद ही उड़ान के संबंध में निर्णय लिया जा सकता है। इसके कारण हो रहे उड़ान में देरी के कारण यात्रियों को प्रस्थान के नए समय की जानकारी मिलने का इंतजार करना पड़ रहा है।

हालांकि, इस मामले में विमान की जांच और मरम्मत की स्थिति के बारे में आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। साथ ही इस घटना को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट और एमिरेट्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

यात्रियों के घायल होने की नहीं है सूचना

साथ ही विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के घायल होने की भी कोई आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।

गौरतलब हो कि विमान और पक्षियों के बीच टकराव को विमानन क्षेत्र में बर्ड स्ट्राइक कहा जाता है। ऐसी घटनाओं में विमान के इंजन, विंडशील्ड या बाहरी हिस्सों को नुकसान पहुंच सकता है।

नुकसान की गंभीरता के आधार पर विमान की तकनीकी जांच और उड़ान के संचालन को लेकर फैसला किया जाता है। दिल्ली एयरपोर्ट पर भी पहले बर्ड स्ट्राइक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

यह भी पढ़ें- IGI एयरपोर्ट से पकड़ी गई रिटायर्ड अधिकारी की बेटी 'पूनम जेजलर', जर्मनी की नागरिकता के नाम पर 60 लाख की ठगी