पूर्वी निगम की अहम समितियों के चेयरमैन पद की दौड़ में हैं कईं
सुधीर कुमार पूर्वी दिल्ली पूर्वी दिल्ली नगर निगम के शीर्ष पदाधिकारियों के चुनाव की प्रक्रिय
सुधीर कुमार, पूर्वी दिल्ली:
पूर्वी दिल्ली नगर निगम के शीर्ष पदाधिकारियों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। लेकिन निगम की कई महत्वपूर्ण समितियां हैं जिनका चुनाव बचा है। इसके लिए अब शीघ्र अधिसूचना जारी होगी। सोमवार को प्रदेश भाजपा द्वारा चेयरमैन व डिप्टी चेयरमैन के नामों को हरी झंडी मिलने की संभावना है। समितियों में भाजपा बहुमत में है जिससे जो भी प्रत्याशी होगा उसकी जीत तय है।
विभिन्न अहम समितियों को लेकर कई नामों को लेकर चर्चा चल रही है। इसके लिए जहां निगम के महापौर व नेता सदन मंथन कर रहे हैं वहीं प्रदेश स्तर पर भी इसे लेकर बातचीत चल रही है। इस बार इस बात की अधिक संभावना है कि जो वर्तमान चेयरमैन हैं उन्हें फिर पद नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा जो पिछले वर्षों में महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं उन्हें भी इस बार मौका नहीं मिलेगा। निगम में वैधानिक समितियों में स्थायी समिति, दो वार्ड समिति, शिक्षा समिति और ग्रामीण समिति शामिल है। इसमें से शिक्षा व ग्रामीण समिति का चुनाव होना है। इसके अलावा 12 विशेष ,11 तदर्थ समितियां होती हैं। विशेष व तदर्थ समितियां मिलाकर 11 ऐसी समितियां हैं जिसमें चेयरमैन का पद पदेन होता है। महापौर, उपमहापौर और स्थायी समिति के चेयरमैन इन समितियों के पदेन चेयरमैन बनते हैं। इनमें सिर्फ डिप्टी चेयरमैन का चुनाव होता है। अभी जिन समितियों के चुनाव बचे हैं उनमें शिक्षा व स्वास्थ्य समिति सबसे महत्वपूर्ण है। इसके बाद पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं समिति, निर्माण समिति और लाइसेंसिग समिति का नंबर आता है। हालांकि अन्य समितियों का भी अपना महत्व है। महत्वपूर्ण समितियों के चेयरमैन के लिए आठ नामों पर गंभीर चर्चा चल रही है। जिसमें निगम पार्षद गोविद अग्रवाल, कुसुम तोमर, पुनीत शर्मा, नीतू त्रिपाठी, वीर सिंह पंवार, अतुल गुप्ता, रीना महेश्वरी और राजीव चौधरी के नाम प्रमुख हैं। इनमें से अधिकतर को अभी तक महत्वपूर्ण विभाग का दायित्व नहीं मिला है। सिर्फ पुनीत शर्मा निर्माण समिति के चेयरमैन हैं। इसके अलावा भी कई अन्य नाम हैं जो अलग-अलग माध्यमों से प्रदेश के पास पहुंचे हैं। इन सभी नामों पर प्रदेश में विमर्श होगा। माना जा रहा है कि सोमवार को चर्चा के बाद महापौर इन समितियों के चुनाव की अधिसूचना जारी कर देंगे। प्रदेश से नाम की घोषणा होने पर कई समितियों में सदस्यों का भी चुनाव होगा। अगर किसी व्यक्ति को चेयरमैन बनाना होगा और वह संबंधित समिति का सदस्य नहीं होगा तो किसी सदस्य का इस्तीफा दिलवाकर फिर नए सदस्य का चुनाव करवाया जाएगा। तभी पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर पाएंगे।
-----------
विभिन्न समितियों के चेयरमैन व डिप्टी चेयरमैन के नामों को लेकर चर्चा हो रही है। प्रदेश नेतृत्व इस पर नजर रख रहा है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा शीघ्र ही इस संबंध में बैठक की जाएगी। इसके बाद निर्णय ले लिया जाएगा।
प्रवेश शर्मा, नेता सदन, पूर्वी दिल्ली नगर निगम।