विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वी दिल्ली की सड़कों पर अतिक्रमण, खोखले दावों से त्रस्त हुए लोग

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:40 AM (IST)

पूर्वी दिल्ली के यमुनापार में सड़कों से अतिक्रमण हटाने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं, जिससे व्यस्त मार्ग जाम और हादसों का कारण बन रहे हैं।

पूर्वी दिल्ली की सड़कों पर अतिक्रमण ( एआई जेनरेटेज इमेज )

पूर्वी दिल्ली की सड़कों पर अतिक्रमण ( एआई जेनरेटेज इमेज )

HighLights

  1. यमुनापार की सड़कों पर अतिक्रमण हटाने के दावे झूठे साबित हुए।

  2. व्यस्त मार्गों पर रेहड़ी-पटरी और अवैध स्टैंड का कब्जा बरकरार।

  3. लोगों का सफर जाम और हादसों के खतरे के बीच हो रहा है।

नीतीश कुमार, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार की सड़कों से अतिक्रमण हटाने के दावे तो खूब किए जाते हैं। लेकिन, जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है।

जाफराबाद रोड, वजीराबाद रोड और खजूरी चौक जैसे व्यस्त मार्गों पर रेहड़ी-पटरी और अवैध स्टैंड का कब्जा बरकरार है। कहीं सड़क के बड़े हिस्से पर दुकानें सजी हैं, तो कहीं ऑटो और ई-रिक्शा के स्टैंड ने रास्ता घेर रखा है।

हादसों के बीच सफर करते लोग

नतीजतन लोगों का सफर जाम और हादसों के खतरे के बीच हो रहा है। सड़क पर अतिक्रमण के कारण वाहनों के लिए जगह कम पड़ रही है और पैदल यात्रियों को भी सुरक्षित निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की आंखों के सामने सड़कें घिरी हुई हैं और आम लोग असुरक्षित सफर करने को मजबूर हैं।

वजीराबाद रोड पर भजनपुरा के पास निर्माणाधीन डबल डेकर फ्लाईओवर के आसपास स्थिति और चिंताजनक है। निर्माण कार्य के चलते सड़क पर वाहनों के निकलने के लिए उपलब्ध जगह पहले ही सीमित है। इसके बावजूद सड़क किनारे रेहड़ी-पटरी का जमावड़ा लगा रहता है।

अतिक्रमण से बढ़ रही लोगों की परेशानी

इससे यातायात का दबाव बढ़ने के साथ ही हादसों का खतरा भी बना रहता है। व्यस्त मार्ग पर वाहनों को निकलने के लिए कम जगह मिलने से जाम की स्थिति पैदा होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान अतिक्रमण के कारण परेशानी और बढ़ रही है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के नीचे खजूरी चौक पर भी अतिक्रमण यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के इस प्रमुख यातायात केंद्र पर दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद सड़क के हिस्सों पर रेहड़ी-पटरी और ऑटो-ई-रिक्शा के अवैध स्टैंड बने हुए हैं।

इससे वाहनों की रफ्तार प्रभावित होती है और जाम लगता है। वहीं, जाफराबाद मेन रोड पर सड़क से लेकर फुटपाथ तक अतिक्रमण के कब्जे में है।

अतिक्रमण पर कार्रवाई

शहर की सड़कों पर दिनोंदिन बढ़ता अतिक्रमण एमसीडी और ट्रैफिक पुलिस के उन दावों की भी पोल खोल रहा है, जिनमें अधिकारी अतिक्रमण के खिलाफ रोजाना कार्रवाई करने की बात कहते हैं।

सवाल यह है कि यदि नियमित कार्रवाई हो रही है, तो व्यस्त सड़कों और चौराहों पर रेहड़ी-पटरी और अवैध स्टैंड दोबारा कैसे जम जाते हैं। मामले में ट्रैफिक पुलिस की ईस्टर्न रेंज की डीसीपी श्वेता चौहान से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।

यह भी पढ़ें- छठ-दिवाली पर रेलवे की सौगात, खगड़िया और मानसी होकर चलेगी खातीपुरा-कामाख्या पूजा स्पेशल ट्रेन, भीड़ से मिलेगी राहत