बच्चों में ऑटिज्म के शुरुआती लक्षण कैसे पहचानें? दिल्ली में देरी से पहचान ने बढ़ाई टेंशन
एम्स की डॉ. शेफाली गुलाटी ने बच्चों में ऑटिज्म के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इसके लक्षण जन्म के तीन साल के भीतर दिख जाते हैं, लेकिन दिल्ली में अक्सर देर से पहचान होती है।
-1777559599801_m.webp)
HighLights
ऑटिज्म के लक्षण जन्म के तीन साल में दिखते हैं।
दिल्ली में ऑटिज्म की पहचान में देरी हो रही है।
शुरुआती हस्तक्षेप से बच्चों का बेहतर विकास संभव है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बच्चों में ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसआर्डर के बढ़ते मामलों को लेकर विशेषज्ञों ने गंभीर चिंता जताई है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बाल रोग विभाग की डॉ. शेफाली गुलाटी ने कहा कि इसके लक्षण जन्म के बाद पहले तीन वर्षों में ही दिखाई देने लगते हैं, लेकिन लोग इसे गंभीरता के नहीं लेते। दिल्ली में अधिकांश मामलों में पहचान देर से हो रही है।
डॉ. शेफाली ने बृहस्पतिवार को एम्स में आयोजित पत्रकारवार्ता में यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि ऑटिज्म से घबराने की नहीं, बल्कि उसे समझने और समय पर संभालने की जरूरत है। यदि पहले तीन वर्षों में ही ध्यान दिया जाए, तो प्रभावित बच्चों को बेहतर और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।
पहले हजार दिन तय करते हैं बच्चे का विकास
डॉ. शेफाली के अनुसार बच्चे के जीवन के पहले हजार दिन (गर्भावस्था सहित) मस्तिष्क विकास के लिए सबसे संवेदनशील होते हैं। इसी दौरान तंत्रिका कोशिकाओं (न्यूरान्स) का तेजी से निर्माण होता है और उनके बीच संपर्क विकसित होते हैं। यदि इस समय ऑटिज्म की पहचान हो जाए और उसे ठीक करने की दिशा में पहल होने लगे तो बच्चे के व्यवहार, भाषा और सामाजिक कौशल में बेहतर सुधार संभव है।
विशेषज्ञों के पास दो से चार साल के बाद पहुंच रहे बच्चे
डॉ. शेफाली गुलाटी के अनुसार दिल्ली के बाल विकास केंद्रों के अनुभव बताते हैं कि अधिकांश बच्चे दो से चार साल की उम्र के बाद ही विशेषज्ञों तक पहुंचते हैं। चिंता जताई कि शुरुआती संकेतों को अधिकांशत: नजरअंदाज कर दिया जाता है।
परिवार ‘देर से बोलेगा, ठीक हो जाएगा’ जैसी धारणा में समय गंवा देता है। डॉ. शेफाली गुलाटी ने कहाकि लेबल से डरने के बजाय समय पर हस्तक्षेप पर ध्यान देना जरूरी है।
पहले साल में ही मिल जाते हैं संकेत
विशेषज्ञों के अनुसार ऑटिज्म के शुरुआती संकेत जीवन के पहले वर्ष में ही दिख सकते हैं। नाम पुकारने पर प्रतिक्रिया न देना, आंखों में संपर्क (आई कांटैक्ट) की कमी, सामाजिक मुस्कान का अभाव, एक साल तक इशारे (टाटा-बाय) न करना, 15 से 16 महीने तक अर्थपूर्ण शब्द न बोलना, दो साल तक दो शब्द जोड़कर न बोल पाना, पहले सीखी भाषा का अचानक गायब हो जाना, अन्य बच्चों के साथ खेलने में रुचि न लेना, बार-बार एक ही व्यवहार दोहराना। विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक स्तर पर ऑटिज्म के मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है और अब लगभग हर 100 में एक बच्चा प्रभावित है।
सरल है पहचान, जरूरी है जागरूकता
डॉ. शेफाली ने बताया कि कि ऑटिज्म की पहचान किसी जटिल जांच से नहीं, बल्कि माता-पिता से बातचीत, बच्चे के व्यवहार के अवलोकन के आधार पर की जाती है। कहा कि समय पर जांच और हस्तक्षेप ही सबसे प्रभावी उपाय है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।