हवन-पूजन के साथ नए डूसू पदाधिकारियों ने संभाला कार्यभार, चुनावी वादों को पूरा करने का लिया संकल्प
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मंगलवार को हवन-पूजन के साथ कार्यालय संभाला। अध्यक्ष यश डबास ने छात्र ...और पढ़ें

डूसू अध्यक्ष यश डबास ने संभाला कार्यभार।
HighLights
नवनिर्वाचित डूसू पदाधिकारियों ने हवन-पूजन के साथ कार्यालय संभाला।
अध्यक्ष यश डबास ने छात्र सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
एबीवीपी पैनल ने केंद्रीय पैनल की तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मंगलवार को नार्थ कैंपस स्थित छात्रसंघ कार्यालय में विधिवत प्रवेश किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पैनल से निर्वाचित पदाधिकारियों ने हवन-पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नए कार्यकाल की शुरुआत की।
हालांकि दीपांशु शौकीन इस दौरान उपस्थित नहीं रहे। डीयू के विभिन्न कालेजों से छात्र-छात्राएं और एबीवीपी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। हवन के बाद परिसर में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए गए।
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाना प्राथमिकता
डूसू अध्यक्ष यश डबास ने कहा कि छात्रों ने उन्हें जो जनादेश दिया है, वह बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सत्य निकेतन की घटना के बाद साउथ कैंपस समेत पूरे दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाना प्राथमिकता होगी। इसके लिए परिसर में सुरक्षा आडिट कराने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि डूसू अब 'एक्शन मोड' में है और चुनाव के दौरान छात्रों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम शुरू किया जाएगा।
19 सितंबर को घोषित डूसू चुनाव परिणाम में एबीवीपी ने केंद्रीय पैनल की चार में से तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी। यश डबास अध्यक्ष, रिया छाबड़ी सचिव और लक्ष्य राज सिंह संयुक्त सचिव निर्वाचित हुए थे। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी दीपांशु शौकीन विजयी रहे थे।
