सिर्फ 5 छात्र ही करेंगे प्रचार, पोस्टर भी हाथ से लिखने होंगे; DUSU चुनाव के लिए नई गाइडलाइन जारी
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में इस बार प्रचार से लेकर मतदान तक सुरक्षा और नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा, उल्लंघन करने पर नामांकन रद होगा।

डूसू चुनाव में प्रचार को लेकर नई गाइडलाइन जारी। फोटो: सांकेतिक
HighLights
नियम तोड़ने पर प्रत्याशियों का नामांकन रद, चुनाव भी हो सकता रद
उत्तरी-दक्षिणी परिसर में 600 से अधिक कैमरों से होगी निगरानी
प्रचार में वाहनों, छपे पोस्टरों पर सख्त प्रतिबंध लागू
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस बार प्रचार से लेकर मतदान तक सुरक्षा और नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया है।
चुनाव प्रचार में वाहनों के इस्तेमाल, पोस्टर-पर्चे, भीड़ जुटाने और मादक पदार्थों के इस्तेमाल पर सख्ती बरती जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्याशियों का नामांकन रद करने के साथ गंभीर स्थिति में चुनाव रद करने की चेतावनी भी दी गई है।
प्रशासन की तैयारी का सबसे अहम हिस्सा उत्तरी और दक्षिणी परिसर में 600 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से निगरानी है।
पांच विद्यार्थियों की सीमा, वाहनों पर भी शिकंजा
डीयू के प्रॉक्टर प्रो. मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव प्रचार के लिए एक उम्मीदवार के साथ पांच से अधिक विद्यार्थी नहीं जा सकेंगे। छात्राओं के कॉलेजों में केवल छात्राओं को ही प्रचार की अनुमति होगी।
उम्मीदवारों के वाहनों में शराब या मादक पदार्थ मिलने पर तत्काल नामांकन रद किया जाएगा। पुलिस वाहनों की गलत पार्किंग, काले शीशों और अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई करेगी।
अब तक लग्जरी गाड़ी और अवैध पार्किंग करने वाले 40 से अधिक छात्रों के चालान काटे भी गए है। आपातकालीन वाहन को रास्ता नही देने पर भी पुलिस की कार्रवाई की जाएगी।
वाल आफ डेमोक्रेसी पर ही हाथ से लिखे पोस्टर
प्रचार सामग्री को लेकर भी विश्वविद्यालय ने स्पष्ट नियम बनाए हैं। छपे हुए पोस्टर और पर्चों पर पूरी तरह रोक रहेगी। केवल हाथ से लिखे पोस्टर निर्धारित वाल आफ डेमोक्रेसी पर लगाए जा सकेंगे।
साथ ही जो हाथ से बने पोस्टर या पर्ची है वो अदिक संख्या में मिली तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। प्राक्टर ने सभी 54 कॉलेजों के प्राचार्यों से 10×10 फुट की दो-दो वाल दीवारें बनाने का आग्रह किया है।
इनमें एक डूसू चुनाव और दूसरी कॉलेज समिति के लिए होगी। प्रशासन के अनुसार अब तक विरूपण की कोई शिकायत नहीं मिली है।
साइबर सेल भी रखेगा इंटरनेट मीडिया पर नजर
दिल्ली पुलिस के एसीपी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि चुनाव के दौरान वर्दी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। संभावित उम्मीदवारों से कम से कम वाहनों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
इंटरनेट मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है और दिल्ली पुलिस का साइबर क्राइम सेल गतिविधियों पर नजर रखेगा। उत्तरी और दक्षिणी परिसर के आसपास के पीजी इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई जाएगी।
एनसीसी और एनएसएस कैडेटों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। प्रशासन का कहना है कि उद्देश्य कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के अनुरूप चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराना है।
यह भी पढ़ें- सितंबर में दोबारा होगी UGC-NET 2026 परीक्षा, दिल्ली HC में केंद्र सरकार ने बताया पूरा शेड्यूल; याचिका बंद
