विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DU SOL के PG छात्रों को बड़ी राहत, अब आंतरिक मूल्यांकन में दो बार दे सकते हैं ऑनलाइन परीक्षा

Published: Wed, 25 Nov 2026 09:42 PM (IST)

एसओएल के स्नातकोत्तर विद्यार्थी आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा में दो बार शामिल हो सकेंगे, जिसमें अधिक अंक वाले प्रयास को गिना जाएगा। यह ऑनलाइन एमसीक्यू परीक्षा शुक्रवार से 10 दिसंबर 2026 तक चलेगी, जिसमें विद्यार्थी अपनी सुविधा अनुसार दिन और समय चुन सकेंगे।

स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग में अब दो बार दे सकते हैं ऑनलाइन परीक्षा। फोटो: आर्काइव

स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग में अब दो बार दे सकते हैं ऑनलाइन परीक्षा। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) ने स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को आंतरिक मूल्यांकन में बेहतर प्रदर्शन का एक और अवसर दिया है।

विद्यार्थी प्रत्येक विषय की ऑनलाइन परीक्षा में दो बार शामिल हो सकेंगे। दोनों प्रयासों में से जिस परीक्षा में अधिक अंक मिलेंगे, उन्हें ही आंतरिक मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।

इससे विद्यार्थियों को पहली बार में अपेक्षित अंक नहीं मिलने पर दोबारा प्रदर्शन सुधारने का मौका मिलेगा।

10 दिसंबर तक दे सकेंगे दो बार परीक्षा

एसओएल के पीजी प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की एमसीक्यू आधारित आंतरिक मूल्यांकन परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू होकर 10 दिसंबर 2026 तक चलेंगी। खास बात यह है कि विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए किसी एक निर्धारित दिन या समय का इंतजार नहीं करना होगा।

वे इस अवधि के दौरान अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी दिन और समय पर परीक्षा दे सकेंगे। हालांकि, विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 10 दिसंबर के बाद परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।

यह परीक्षा एमए हिंदी, संस्कृत, इतिहास, राजनीति विज्ञान, एमकॉम, बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस (बीएलआईएस), मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस (एमएलआईएससी) और पीजी डिप्लोमा इन ऑटोमेटेड एंड डिजिटल लाइब्रेरी मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के लिए होगी।

परीक्षा के लिए 45 से 90 मिनट

परीक्षा के लिए सामान्य विद्यार्थियों को 45 मिनट और दिव्यांग विद्यार्थियों को 90 मिनट मिलेंगे। सभी प्रश्न हल करने के बाद ही सबमिट का विकल्प सक्रिय होगा। परीक्षा के दौरान दूसरी विंडो खोलने या उस पर जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसा करने पर परीक्षा स्वत: सबमिट हो सकती है।

मॉक टेस्ट देने की सलाह

विद्यार्थियों को डेस्कटॉप या लैपटॉप से परीक्षा देने और बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी रखने की सलाह दी गई है। अंतिम परीक्षा से पहले मॉक टेस्ट देना भी जरूरी बताया गया है।

परीक्षा पूरी होने के बाद प्राप्त अंकों का स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखना होगा। विद्यार्थी प्रज्ञान पोर्टल या एसओएल की वेबसाइट पर प्रवेश के समय मिले यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें- अब गुटका-खैनी के खाली पैकेट लौटाने पर मिलेंगे पैसे, दिल्ली सरकार की बड़ी तैयारी; जानें पूरा प्लान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।