नोएडा हिंसा मामले में डीयू छात्र योगेश मीणा गिरफ्तार, छात्र संगठन नाराज, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दूरी बनाई
नोएडा पुलिस ने वेतन वृद्धि प्रदर्शन में हिंसा भड़काने के आरोप में डीयू छात्र योगेश मीणा को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के छात्र योगेश मीणा को नोएडा पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
HighLights
नोएडा हिंसा में डीयू छात्र योगेश मीणा गिरफ्तार।
डीयू प्रशासन ने मामले से खुद को अलग किया।
वामपंथी छात्र संगठनों ने गिरफ्तारी का विरोध किया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर हुए श्रमिक प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने के आरोप में दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के छात्र योगेश मीणा को नोएडा पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी के बाद जहां एक तरफ वामपंथी छात्र संगठनों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर आक्रोश जताया है तो वहीं डीयू प्रशासन ने इस पूरे मामले से खुद को अलग कर लिया है।
डीयू प्रशासन ने इस मामले पर अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा है कि उन्हें फिलहाल इस घटनाक्रम के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। प्रशासन के मुताबिक यदि इस विषय में उनके पास कोई औपचारिक शिकायत या नोटिस आता है, तभी वह नियमों के तहत कोई निर्णय लेगें।
छात्र संगठनों के आरोप और पुलिस का विरोध
आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अभिज्ञान ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया है। उन्होंने योगेश मीणा पर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि योगेश का व्यवहार कालेज कैंपस और छात्र संगठनों के बीच हमेशा बेहद शालीन और सकारात्मक रहा है। वह आम छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता रहा है। इससे पहले भी हिमांशु और आकृति जैसे छात्रों पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है।
छात्र संघ का लड़ा है चुनाव
योगेश मीणा ने प्रतिष्ठित श्रीराम कालेज आफ कामर्स से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में वह डीयू के 'कैंपस ला सेंटर' से एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। इसके साथ ही वह छात्र राजनीति में भी सक्रिय है और साल 2025 के दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनावों में 'दिशा छात्र संगठन' की ओर से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था।
