विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किलोमीटर पूरा करने का प्रेशर या मोबाइल बन रहा हादसों का कारण? दिल्ली में DTC बसों की हर दिन आ रही औसतन 50 शिकायतें

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:22 PM (IST)

दिल्ली में डीटीसी बसों से जुड़ी शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। दो लोगों की मौत और अन्य शिकायतें मिलने के ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. डीटीसी बसों की रोजाना औसतन 50 शिकायतें मिल रही हैं।

  2. हालिया हादसों के बाद डीटीसी ने सख्ती बढ़ाई, कार्रवाई की चेतावनी।

  3. चालकों की गति, मोबाइल उपयोग और स्टॉप पर रुकने की निगरानी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में डीटीसी बसों से जुड़ी शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। प्रतिदिन औसतन 50 शिकायतें मिल रही हैं। इनमें बस को स्टॉप पर नहीं रोकने, बीच सड़क पर सवारियों को उतारने-चढ़ाने, चालक और परिचालक के दुर्व्यवहार, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने, तेज आवाज में गाने बजाने और ओवरस्पीडिंग की शिकायतें शामिल हैं।

वहीं, 17 और 18 अक्टूबर को आनंद पर्वत और वसंत कुंज में हुए दो बस हादसों में दो लोगों की मौत और चार लोग घायल हो गए। इन घटनाओं के बाद दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने बसों के संचालन में लापरवाही पर सख्ती बढ़ा दी है।

DTC ने दी चेतावनी

डीटीसी ने बसों का संचालन कर रहीं कंपनियों को चेतावनी दी है कि व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। किलोमीटर पूरा करने की जल्दबाजी में बसों को तेज चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी की शिकायतों को निगम ने गंभीरता से लिया है।

गति और मोबाइल इस्तेमाल पर निगरानी

डीटीसी के अनुसार, बसों की गति पर नजर रखी जा रही है। निर्धारित सीमा से अधिक गति से बस चलाने पर चालक के खिलाफ जुर्माना लगाया जाएगा। बस चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। निरीक्षण के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल करते पाए जाने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई है। अब इस पर निगरानी और बढ़ाई जाएगी।

निगम ने बताया कि बस टर्मिनल, स्टाप और डिपो में खड़ी बस को दोबारा चलाते समय भी दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसी घटनाएं रोकने के लिए चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि बस आगे बढ़ाने से पहले उसके नीचे और आसपास की स्थिति की जांच कर लें, ताकि किसी व्यक्ति को चोट न पहुंचे।

रोजाना 50 बस स्टॉप की होगी औचक जांच

बसों के स्टॉप छोड़ने की शिकायतों पर कार्रवाई के लिए इस महीने से रोजाना 50 बस स्टॉप की औचक जांच की जा रही है। बस के निर्धारित स्टॉप पर नहीं रुकने की पुष्टि होने पर चालक और बस संचालक, दोनों पर जुर्माना लगाया जाएगा। परिवहन मंत्री डा. पंकज सिंह भी स्पष्ट कर चुके हैं कि स्टाप पर बस नहीं रोकने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

हादसे के बाद चालक पर कार्रवाई

गंभीर दुर्घटना में शामिल चालक को जांच पूरी होने तक ड्यूटी पर नहीं लिया जाएगा। जानलेवा हादसे में चालक को तत्काल ड्यूटी से हटाया जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने पर उसे डीटीसी की किसी भी बस को चलाने से स्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जाएगा। प्रत्येक चालक का बस मैनेजमेंट सिस्टम (बीएमएस) में पंजीकरण भी किया जा रहा है।

डीटीसी बसों की शिकायत कहां करें?

यात्री डीटीसी की शिकायत हेल्पलाइन 1800-11-8181 या 011-23370304, 011-23370219 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- मुंबई से दिल्ली, फिर नेपाल भागने का था प्लान... अब पुलिस की गिरफ्त में टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले शूटर्स