छठ घाटों की बदहाली पर कांग्रेस ने आप-भाजपा को घेरा
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : प्रदेश काग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार और
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : प्रदेश काग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार और भाजपा शासित नगर निगम पर छठ पूजा की समय पूर्व तैयारी नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि छठ कमेटियों को कहा जा रहा है कि जब तक वे दिल्ली सरकार के मंत्रियों व विधायकों के फोटो अपने घाट पर नही लगाएंगे, सरकार की ओर से फंड मुहैया नहीं कराया जाएगा। आप सरकार छठ जैसे पवित्र पर्व पर भी ओछी राजनीति कर रही है।
शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान माकन ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि वह खुद पूर्वाचली हैं तो उन्होंने दिल्ली में छठ पर्व पर हरियाणा सरकार से समय पर यमुना में पानी छोड़ने के लिए दबाव क्यों नहीं बनाया। अब दिल्ली सरकार, नगर निगम और डीडीए दो दिनों में एक हजार घाटों पर छठ की तैयारी को कैसे पूरा कर सकेंगे। ईपीसीए दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण को देखते आदेश दिया था कि सभी निर्माण कार्य एक से 10 नवम्बर तक बंद रहेंगे, लेकिन छठ घाटों की मरम्मत तो निर्माण कार्य में नहीं आते हैं तो इसे क्यों नहीं पूरा किया गया।
बड़ी अजीब बात है दिल्ली सरकार ने विभिन्न छठ पूजा समितियों से कहा है कि वे बिजली के लिए व्यक्तिगत रूप से अलग कनेक्शन अपने-अपने घाटों के लिए लें, जबकि दिल्ली सरकार और तीर्थ यात्रा कमेटी की जिम्मेदारी है कि वे घाटों पर रोशनी की सुविधा मुहैया कराएं।
उधर, पूर्व सासद महाबल मिश्रा ने कहा कि आप और भाजपा आंतरिक लड़ाई के कारण छठ पूजा की तैयारियों में देरी करके दिल्ली में रहने वाले लाखों पूर्वांचलियों की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ नेता चतर सिंह, पूर्वांचल प्रकोष्ठ के चैयरमेन शिवजी सिंह, विनय मिश्रा और मुख्य मीडिया प्रभारी मेहदी माजिद भी मौजूद थे।