दिव्यांगों की मदद करने वालों को मिला सम्मान
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली : दिव्यांगों को सक्षम बनाने के उद्देश्य से उनके इलाज के लिए आर्थिक मद
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली :
दिव्यांगों को सक्षम बनाने के उद्देश्य से उनके इलाज के लिए आर्थिक मदद करने वाले 40 लोगों को रविवार को सम्मानित किया गया। सिविल लाइंस स्थित शाह ऑडिटोरियम में यह सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। नारायण सेवा संस्थान की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में फिल्म अभिनेत्री शर्मिला टैगोर व टीवी कलाकार दिलीप जोशी मौजूद रहे ।
इस दौरान शर्मिला ने कहा कि शारीरिक तौर पर सक्षम न होने की वजह से दिव्यांग व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर हो जाता है। ऐसे दिव्यांगों की मदद के लिए सभी लोगों को आगे आना चाहिए, जिससे वे भी अपने जिंदगी के सपने को जी सकें। दिलीप जोशी ने कहा कि दिव्यांगों की भी तमन्ना कुछ कर गुजरने की होती है। वे शारीरिक तौर पर सक्षम व्यक्ति को भी अपनी प्रतिभा से मात दे सकते हैं। ऐसे दिव्यांगों की हर संभव मदद करनी चाहिए।
नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल ने कहा कि उनका संस्थान परिसर दिव्यांग लोगों के लिए एक ऐसा स्मार्ट गांव है, जहां जीवन के किसी भी स्तर पर किसी भी तरह से वंचित अनुभव करने वाले लोगों के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। दिव्यांग को उनके पैरों पर खड़ा करना और उनके चेहरे पर मुस्कराहट लाना बहुत बड़ी बात होती है। वहीं कार्यक्रम में इस संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष कैलाश मानव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।