दिलशाद गार्डन की झाड़ियों में मिला इंसान का अधजला शव, हत्या कर पहचान मिटाने की खौफनाक साजिश; पुलिस कर रही जांच
पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन में झाड़ियों से एक व्यक्ति का अधजला शव बरामद हुआ है, जिससे इलाके में हड़कंप ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
दिलशाद गार्डन की झाड़ियों में मिला अधजला शव।
हत्या कर पहचान छिपाने की आशंका जताई जा रही।
पुलिस गुमशुदगी और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। दिलशाद गार्डन क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक व्यक्ति का अर्धजला शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव की हालत को देखते हुए हत्या कर पहचान छिपाने के लिए उसे जलाने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने जांच की तो व्यक्ति का शरीर काफी हद तक जला हुआ मिला।
पुलिस तलाश रही इन सवालों के जवाब
पुलिस को आशंका है कि व्यक्ति की कहीं और हत्या करने के बाद शव को झाड़ियों में फेंका गया हो और पहचान छिपाने के लिए आग लगाई गई हो। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि व्यक्ति की मौत आग में जलने से हुई या उसकी हत्या किसी अन्य तरीके से की गई थी।
मृतक की पहचान करने के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
शुरुआती स्तर पर व्यक्ति के झाड़ियों में नशा करने के लिए आने की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह तथा घटना की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।