दिल्ली में दिलजीत दोसांझ का कंसर्ट, JLN स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट; मेट्रो से जाने की सलाह
शुक्रवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के कंसर्ट के चलते दक्षिणी और मध्य दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों ...और पढ़ें

दिल्ली में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार को दिलजीत दोसांझ के कंसर्ट के चलते दक्षिण और मध्य दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
दोपहर एक बजे से मध्यरात्रि तक यातायात पुलिस ने आठ स्थानों पर डायवर्जन की व्यवस्था की है।
लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, भीष्म पितामह मार्ग और बारापुला फ्लाईओवर समेत 11 से अधिक सड़कें प्रभावित रहेंगी। पुलिस ने लोगों को मेट्रो से आने और यात्रा में अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी है।
मेट्रो से आने की सलाह, पार्किंग पर प्रतिबंध
स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पहुंचने के लिए जेएलएन स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन उपयोगी रहेंगे। येलो लाइन से आने वाले लोग आईएनए या जोर बाग स्टेशन से आगे जा सकते हैं।
आम लोगों के निजी वाहनों की पार्किंग स्टेडियम के आसपास प्रतिबंधित रहेगी। टैक्सी और कैब केवल निर्धारित पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट पर ही यात्रियों को उतार या बैठा सकेंगी।
आठ स्थानों पर डायवर्जन की व्यवस्था
लोधी रोड-दयाल सिंह कॉलेज टी-प्वाइंट, लाला लाजपत राय मार्ग और कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट समेत प्रमुख स्थानों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू हो सकता है।
