किस नेता के इलाके में है गंदगी और गड्ढे? अब डिजिटल मैप खोलेगा पोल; समाधान के लिए आ रहा नया हाईटेक एप
राजधानी दिल्ली में अब लोग मोबाइल ऐप 'हमारा नेता' के जरिए सड़कों के गड्ढे, कूड़े के ढेर और खराब स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं की शिकायत कर सकेंगे।

हाॅल ऑफ इंस्पिरेशन में स्टाॅल पर अपने एप के बारे में जानकारी देते छात्र। फोटो: जागरण
HighLights
मोबाइल ऐप 'हमारा नेता' से दर्ज होंगी नागरिक शिकायतें।
फोटो आधारित शिकायतें AI से गंभीरता का आकलन करेंगी।
समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई जाएंगी डिजिटल मैप पर।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी की सड़कों पर गड्ढे, जगह-जगह कूड़े के ढेर या खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या से परेशान लोगों को अब शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
वे मोबाइल से समस्या की तस्वीर खींचकर एप पर अपलोड कर सकेंगे। तस्वीर के साथ समस्या की लोकेशन भी अपने आप दर्ज हो जाएगी और शिकायत संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
यही नहीं, डिजिटल मैप पर यह भी देखा जा सकेगा कि राजधानी के किस इलाके में किस तरह की समस्याएं सबसे अधिक हैं।
'हमारा नेता एप' का व्यापार मेले में प्रदर्शन
व्यापार मेले के हॉल ऑफ इंस्पिरेशन में हंसा एआई टेक्नोलॉजी के छात्रों ने 'हमारा नेता एप' का प्रदर्शन किया। इसे जनवरी तक लॉन्च करने की तैयारी है।
एप को लॉन्च होने के बाद प्ले स्टोर और एप स्टोर से मुफ्त डाउनलोड किया जा सकेगा। एप से जुड़े प्रज्ज्वल ने बताया कि एप में फोटो आधारित शिकायत की सुविधा दी गई है।
मोबाइल की लोकेशन के आधार पर एप संबंधित क्षेत्र के पार्षद, विधायक और सांसद के निर्वाचन क्षेत्र की पहचान कर शिकायत आगे भेजने में मदद करेगा।
एआई बताएगा, कितनी गंभीर है समस्या
एप में 'सिविक पिक्स' नाम का एआई फीचर भी दिया गया है। यह अपलोड की गई तस्वीर के आधार पर समस्या की गंभीरता का आकलन करेगा।
उदाहरण के लिए सड़क के बीचोंबीच गहरा गड्ढा होने पर उसे अधिक गंभीर माना जाएगा, जबकि सड़क किनारे मौजूद छोटे गड्ढे को सामान्य श्रेणी में रखा जाएगा।
इसी तरह खराब स्ट्रीट लाइट और अन्य समस्याओं की प्राथमिकता तय होगी। डिजिटल मैप पर गंभीर शिकायतें सबसे ऊपर दिखाई देंगी, जिससे संबंधित समस्याओं की पहचान और प्राथमिकता तय करने में मदद मिलेगी।
करीब छह माह में तैयार इस एप का अलग-अलग क्षेत्रों और जनप्रतिनिधियों के कार्यालयों में परीक्षण किया गया है। कंपनी का दावा है कि एप की सटीकता 90 प्रतिशत से अधिक है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में ट्रांसजेंडर परिवारों को सालाना 10 लाख तक कैशलेस इलाज, CM रेखा गुप्ता की कैबिनेट का बड़ा फैसला