विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM मोदी के पंजाब दौरे का सिखों को इंतजार, करतारपुर कॉरिडोर को फिर से खोलने की उठी मांग

Published: Thu, 16 Jul 2026 09:45 AM (IST)

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर करतारपुर कॉरिडोर को फिर से खोलने की मांग की ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग एक वर्ष से अधिक समय से बंद।

  2. डीएसजीएमसी ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर की अपील।

  3. मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के कारण हुआ था बंद।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। एक वर्ष से अधिक समय से बंद करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग उठने लगी है। इसे लेकर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने प्रधानमंत्री से पंजाब दौरे के दौरान कॉरिडोर खोलने की घोषणा करने का आग्रह किया।

इस कॉरिडोर से श्रद्धालु पाकिस्तान के करतारपुर साहिब स्थित गुरुद्वारा के दर्शन करने जाते हैं। मई , 2025 में आपरेशन सिंदूर के समय इसे बंद किया गया था। डीएसजीएमसी ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर से होकर गुजरने वाले तीर्थयात्रा मार्ग को तत्काल बहाल करने का अनुरोध किया है।

डीएसजीएमसी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीप सिंह कहलों ने कहा कि पूरे विश्व के सिखों और गुरु नानक नाम लेवा संगत के बीच पाकिस्तान के गुरुद्वारा दरबार साहिब, करतारपुर साहिब के साथ आध्यात्मिक और भावनात्मक संबंध है। इस स्थान पर गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के अंतिम 18 वर्ष बिताए थे।

ऑपरेशन सिंदूर के कारण हुआ था बंद

ऑपरेशन सिंदूर के कारण सात मई, 2025 को कॉरिडोर के माध्यम से दैनिक तीर्थयात्रा निलंबित कर दी गई थी। उन्होंने नवंबर, 2025 से जून, 2026 के बीच चार विशेष जत्थों (तीर्थयात्री समूहों) को पाकिस्तान की यात्रा की अनुमति देने के लिए केंद्र सरकार विशेष रूप से गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए, डीएसजीएमसी ने दैनिक यात्रा को स्थायी रूप से फिर से शुरू करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से अपील है कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर से होकर गुजरने वाले दैनिक तीर्थयात्रा मार्ग को जल्द से जल्द पूरी तरह से बहाल किया जाए। उन्होंने अनुरोध किया कि सभी आवश्यक सुरक्षा, प्रशासनिक और राजनयिक प्रोटोकॉल पूरे करके इसे सुगम बनाया जाए, ताकि संगत एक बार फिर निर्बाध रूप से दर्शन कर सके। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को पंजाब दौरे के दौरान प्रधानमंत्री दौरे का सिख इंतजार कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री इस कॉरिडोर को खोलने की घोषणा करेंगे।

यह भी पढ़ें- लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम में करतारपुर साहिब कॉरिडोर भी शामिल, स्मार्ट सीमा प्रबंधन के लिए अमित शाह लॉन्च करेंगे LPMS