रोहिणी: सेक्टर-20 डिस्ट्रिक्ट पार्क में 8 फीट गहरा पानी, हादसे के डर से लगा ताला
रोहिणी सेक्टर-20 के डिस्ट्रिक्ट पार्क में 6-8 फीट जलभराव के कारण प्रवेश बंद कर दिया गया है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है।

पार्क में जलभराव। जागरण
HighLights
रोहिणी पार्क में 6-8 फीट जलभराव, प्रवेश बंद।
खराब जलनिकासी से एक साल से समस्या, हादसे का डर।
सुरक्षाकर्मी नदारद, बच्चे अन्य रास्तों से कर रहे प्रवेश।
संवाद सहयोगी, बाहरी दिल्ली। रोहिणी सेक्टर-20 के डिस्ट्रिक्ट पार्क में जलभराव के लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। पार्क में छह से आठ फीट तक पानी जमा होने के कारण हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
ढलान होने के कारण नजदीकी कालोनी का गंदा पानी सड़क पर बहता हुआ पार्क में आता है। क्षेत्र की जलनिकासी दुरुस्त न होने की वजह से पानी पार्क में आकर भर जाता है। वर्षा के दौरान पार्क में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।
लगभग डेढ़ से दो एकड़ के क्षेत्रफल में फैला पार्क 40 वर्ष से अधिक पुराना है। जिसमें आसपास के तकरीबन छह रिहायशी क्षेत्रों के पांच हजार से अधिक लोग घूमने व व्यायाम करने के लिए आते थे। लेकिन जलभराव के कारण पार्क के गेट पर ताला लगा दिया गया और सुरक्षा कारणों से लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया।
एक साल से जलभराव की स्थिति बनी हुई है
लगभग एक वर्ष से पार्क में जलभराव के स्थिति बनी हुई है। ढलाव के कारण कैलाश विहार का पानी बहकर पार्क में भर जाता है। ढलान होने के कारण पार्क में कालोनी का गंदा पानी इकठ्ठा हो जाता है। ऐसे में जलजमाव देखने को मिलता है।
बीते लगभग एक वर्ष से पार्क का 30-40 प्रतिशत हिस्सा जलमग्न है। मैदान में लगाई गई कुर्सियां, फुटपाथ व छठघाट लबालब पानी से भरा हुआ है। संवेदनशील हिस्से सुरक्षा पट्टी लगा दी गई ताकि उस जगह पर कोई न जा सके।
प्रशासन ने प्रवेश द्वार बंद कर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर ली है। लेकिन आज तक पार्क में जलनिकासी का स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है।
प्रवेश बंद करने के बावजूद अन्य रास्तों से लोग व बच्चे पार्क तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में दुर्घटना का डर लगातार बना हुआ है। रोहिणी सेक्टर-20 निवासी राजेंद्र ने बताया कि पार्क में इस समय कोई भी सुरक्षाकर्मी नहीं है।
बच्चे अन्य रास्तों से पार्क में आ रहे हैं। यदि कोई बच्चा पानी में गिर गया। तो उसका बचना काफी मुश्किल है। क्योंकि पानी काफी गहरा है।
पहले भी पार्क के छठघाट में भरे पानी में एक बच्चे की डूबने के कारण मौत हो गई थी। लेकिन फिर इस समस्या को लेकर कोई विशेष कदम नहीं उठाया जा रहा।
पार्क बंद होने से इन रिहायशी क्षेत्रों के लोग हुए प्रभावित
- सुल्तानपुरी,
- रोहिणी सेक्टर-20
- पूठकलां
- कैलाश विहार
- अमन विहार
- करण विहार
- बलजीत विहार
पार्क के जलभराव के कारण पल रही हैं मछलियां
रोहिणी सेक्टर-20 के डिस्ट्रिक्ट पार्क में लंबे समय से जलभराव के कारण मछलियां भी पल रही है। कई बार लोग मछलियां पकड़ने के लिए पार्क में आते हैं।
पानी के आसपास काई के कारण फिसलने की आशंका भी रहती है। मछलियां पकड़ने के लिए लोग काटा फेंकने के लिए पानी के करीब जाते हैं। ऐसे में लोगों के साथ हादसे का डर भी बना रहता है।
डीडीए (दिल्ली विकास प्राधिकरण) के अनुभाग अधिकारी अमन ने बताया कि पार्क को सुरक्षा कारणों से बंद किया गया है। लगभग एक माह में पार्क में भरे पानी को निकाल दिया जाएगा।
स्थिति सामान्य होने पर पार्क फिर से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पार्क में रोप व ट्यूब उपलब्ध है। लेकिन पार्क में तैनात सुरक्षाकर्मियों की संख्या पूछने पर उन्होंने चुप्पी साधे रखी। क्योंकि पार्क में जलभराव के आसपास कोई भी सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था।
