विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी: ₹2500 को लेकर आया बड़ा अपडेट, इस तारीख से आएंगे खाते में पैसे

Published: Tue, 07 Jul 2026 08:50 PM (IST)

दिल्ली में आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को 'महिला समृद्धि योजना' के तहत रक्षाबंधन (28 अगस्त) से हर महीने 2500 रुपये की वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो सकती है। यह योजना 21 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को लाभान्वित करेगी, जिसका उद्देश्य उनकी वित्तीय स्थिति को मजबूत करना है।

दिल्ली महिला समृद्धि योजना: 28 अगस्त से खाते में आएंगे 2500 रुपये।

दिल्ली महिला समृद्धि योजना: 28 अगस्त से खाते में आएंगे 2500 रुपये।

HighLights

  1. महिला समृद्धि योजना 28 अगस्त से होगी लागू।

  2. पात्र महिलाओं को मिलेंगे हर माह 2500 रुपये।

  3. 5110 करोड़ का बजट, वित्तीय सशक्तिकरण लक्ष्य।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को बहुप्रतीक्षित महिला समृद्धि योजना का लाभ अगले डेढ़ माह में मिलना शुरू हो सकता है। दिल्ली सरकार रक्षाबंधन, यानी 28 अगस्त, से इस योजना को लागू करने की तैयारी में है। योजना का औपचारिक शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों कराए जाने की संभावना है। इसके बाद पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह 2500 रुपये की सहायता राशि भेजी जाएगी।

सरकारी तैयारियों के अनुसार योजना का लाभ 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को दिया जाएगा। पात्रता के लिए परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख से तीन लाख रुपये तक प्रस्तावित की गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस योजना की जल्द ही लागू करने की घोषणा कर सकती हैं। जिसमें इस स्कीम को लेकर दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे और स्कीम के लिए अावेदन करने की सुविधा आदि के बारे में बताया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य निम्न और निम्न-मध्यम आय वर्ग की महिलाओं को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी वित्तीय स्थिति को मजबूत करना है। योजना के लिए दिल्ली सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष के बजट में 5110 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है।

लाभार्थियों की संख्या को देखते हुए बजट राशि में वृद्धि का अनुमान

आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि लाभार्थियों की संख्या को देखते हुए बजट राशि में वृद्धि का अनुमान है। संबंधित विभाग लाभार्थियों की पहचान, पात्रता सत्यापन और भुगतान व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि योजना लागू होने के साथ ही पात्र महिलाओं के खातों में राशि भेजी जा सके।

योजना के तहत कुछ श्रेणियों को लाभ से बाहर रखा गया है। सरकारी नौकरी करने वाले परिवार, आयकरदाता, सरकारी पेंशन प्राप्त करने वाले परिवार तथा चार पहिया वाहन (कार) रखने वाले परिवार इस योजना के पात्र नहीं होंगे। सरकार का मानना है कि इससे सहायता वास्तव में जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगी और संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा।

सूत्रों के अनुसार लाभार्थियों का चयन आय, परिवार की सामाजिक-आर्थिक स्थिति और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा। आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी। सरकार का दावा है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और डिजिटल बनाया जा रहा है, जिससे पात्र महिलाओं को समय पर लाभ मिल सके।

भाजपा के 2025 विधानसभा चुनाव घोषणा पत्र का प्रमुख वादा

महिला समृद्धि योजना भाजपा के 2025 दिल्ली विधानसभा चुनाव घोषणा पत्र की सबसे प्रमुख गारंटियों में शामिल थी। पार्टी ने सरकार बनने पर आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की वित्तीय सहायता देने का वादा किया था।

यह भी पढ़ें- 3 साल बाद जागी दिल्ली सरकार, DCPCR को मिला नया अध्यक्ष; जागरण की खबर का दिखा असर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।