जल्द दस्तक देगा मानसून, दिल्ली में जगह-जगह टूटे नालों के स्लैब दे रहे हादसों को न्योता; सवालों के घेरे में 4 विभाग
राजधानी दिल्ली में मानसून से पहले जगह-जगह टूटे और गायब नालों के स्लैब व मैनहोल कवर हादसों को न्योता दे रहे हैं। विभिन्न इलाकों में निरीक्षण के दौरान यह गंभीर स्थिति सामने आई है, जिससे लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
-1782607130060_m.webp)
लोक नायक अस्पताल के समीप फुटपाथ पर टूटा पड़ा नाला। जागरण
HighLights
दिल्ली में जगह-जगह टूटे/गायब नालों के स्लैब।
मानसून से पहले हादसों का खतरा बढ़ा।
कई इलाकों में मैनहोल कवर भी गायब।
निहाल सिंह, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में फुटपाथ के नीचे से गुजरने वाले नालों के स्लैब जगह-जगह से टूटे हुए हैं। इसकी वजह से आए दिन उसमें लोग गिरकर घायल होते रहते हैं।
पिछले दिनों नरेला के सेक्टर पांच में एक युवक का नाले से शव बरामद हुआ था। जहां वह गिरा था, वहां नाले का स्लैब टूटा हुआ था। हर साल मानसून आने पर जब खूब वर्षा होती है और जगह-जगह जलभराव हो जाता है, तो ऐसे हादसे बढ़ जाते हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, जून के अंतिम सप्ताह में मानसून दस्तक दे सकता है, लेकिन अब तक नालों के स्लैब ठीक करने के लिए कुछ नहीं किया गया है। कहीं सीवर लाइन के मैनहोल टूटे हैं तो कहीं नालों के स्लैब। नालियां भी कचरे से जाम पड़ी हैं।
दैनिक जागरण की टीम ने विभिन्न इलाकों में जाकर एमसीडी, डीडीए और पीडब्ल्यूडी समेत अन्य विभागों के नालों व मैनहाल का जायजा लिया, जिसमें ऐसे ही हालात मिले। उत्तरी-बाहरी दिल्ली में नरेला के साथ ही रोहिणी, किराड़ी, भलस्वा, किशनगंज, गुलाबी बाग जैसे इलाकों में कई स्थानों पर नालों पर स्लैब नहीं है।
वहीं, पश्चिमी दिल्ली के पालम, उत्तम नगर, द्वारका, विकासपुरी, नजफगढ़ जैसे इलाकों में भी मैनहाल और नालों के स्लैब न होने की शिकायतें हैं। दिल्ली के अन्य इलाकों में भी ऐसे ही हालात हैं।
गाजीपुर पेपर मार्केट: शिकायत करने पर नहीं हुआ समाधान
पूर्वी दिल्ली में गाजीपुर पेपर मार्केट में नाला का स्लैब टूट चुका है। पूरी मार्केट में कई ऐसे स्थान हैं, जहां पर यही स्थिति देखने को मिली। या तो स्लैब नहीं हैं या स्लैब टूटा पड़ा है। इसी प्रकार विवेक विहार के झिलमिल क्षेत्र में कई सड़कों पर नाले के ऊपर बने फुटपाथ पर स्लैब गायब दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
मयूर विहार फेज-3: स्कूल के पास कई स्लैब गायब
मयूर विहार फेज-तीन में केरला स्कूल के पास जगह-जगह स्लैब गायब हैं, जबकि यहां पर बड़ी संख्या में स्कूली छात्र गुजरते हैं। मानसून में यह दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इसी प्रकार मंडावली, लक्ष्मी नगर, भागीरथी विहार, करावल नगर, शिव विहार और सीलमपुर जैसे इलाकों में स्थिति है।
ओखला फेज-दो: वर्षा होने पर बढ़ जाते हैं हादसे
दक्षिणी दिल्ली के ओखला फेज-दो में स्लैब नहीं होने से नाला खुला पड़ा है। ऐसे में जब तेज वर्षा होती है और जलभराव होता है, तो हादसे बढ़ जाते हैं। कई बार लोग नाले में गिरकर घायल हो चुके हैं। अबुल फजल एन्क्लेव में कचरे से पटा हुआ नाला कई बार ओवरफ्लो करता है, जिससे उसका पानी सड़क पर जमा हो जाता है। वर्षा होने पर यह समस्या बहुत बढ़ जाती है। नालें पर स्लैब नहीं होने से दुर्घटना की आशंका रहती है।
करोल बाग: सीवर के मैनहोल का ढक्कन टूटा
मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में फैज रोड पर सीवर के मैनहोल का ढक्कन टूटकर अंदर गिर गया है। ऐसे में वर्षा के दौरान जब यह सड़क जलमग्न होगी तो लोगों को पता ही नहीं चलेगा कि यहां पर मैनहाल का ढक्कन गायब है। ऐसे में कोई मैनहोल में गिर सकता है। इसके बावजूद इसे अब तक ठीक नहीं किया गया है।
लोकनायक अस्पताल के सामने भी बुरा हाल
लोकनायक अस्पताल के सामने जहां पर बड़ी संख्या में मरीज और तीमारदार आते हैं, वहां पर नाले का स्लैब गायब है। लाल किला परिसर में भी सीवर का ढक्कन गायब है। यहां देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। उनके साथ दुर्घटना होती है तो किरकिरी होगी।
यह एजेंसियां हैं जिम्मेदार
- एमसीडी
- डीडीए
- पीडब्ल्यूडी
- दिल्ली जल बोर्ड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।