दिल्ली-पंजाब से 6 और आतंकी गिरफ्तार, पाकिस्तानी एजेंट शहजाद भट्टी मॉड्यूल 2 का भंडाफोड़
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली और पंजाब से शहजाद भट्टी मॉड्यूल के छह संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें
HighLights
दिल्ली-पंजाब से छह संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, बड़ी कार्रवाई
पाकिस्तानी एजेंट शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े थे
हथियार तस्करी और आतंकी गतिविधियों के दो नेटवर्क का भंडाफोड़
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े दो खतरनाक मॉड्यूलों का भंडाफोड़ किया है। एक मॉड्यूल दिल्ली में आतंकी हमले की साजिश रच रहा था, जबकि दूसरा मॉड्यूल सीमा पार से हथियारों की तस्करी में लगा हुआ था। इस कार्रवाई में कुल 6 ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार किया गया है।
दो अलग मॉड्यूल का खुलासा
मॉड्यूल-1 (आतंकी हमला) : पहला मॉड्यूल पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलर राणा हुनैन (शहजाद भट्टी का सहयोगी) द्वारा संचालित किया जा रहा था। इस मॉड्यूल को दिल्ली में किसी महत्वपूर्ण जगह या पुलिस प्रतिष्ठान पर पेट्रोल बम से हमला करने का काम सौंपा गया था। पुलिस ने विजय घाट इलाके से दो आरोपियोंदानिश उर्फ चांद मिया (24 वर्ष) और सलमान (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। दोनों मुजफ्फनगर के खतौली के रहने वाले हैं।
मॉड्यूल-2 (हथियार तस्करी) : दूसरा मॉड्यूल आईएसआई हैंडलर हसन गुज्जर (शहजाद भट्टी का सहयोगी) द्वारा चलाया जा रहा था। यह मॉड्यूल पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार तस्करी कर रहा था। तस्करी के हथियारों को दिल्ली-यूपी में बेचा जा रहा था और प्राप्त फंड का इस्तेमाल आतंकी व आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
इस मॉड्यूल के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान नई दिल्ली के शाहीनबाग का रहने वाला तैयब (27 वर्ष), गाजियाबाद का मोदीनगर निवासी जुबैर खान (24 वर्ष), मेरठ का लिसारी गेट निवासी अली फजल (26 वर्ष) और अमृतसर के कोहाला निवासी मलकीत सिंह (36 वर्ष) बताई गई है।

बरामद किए गए अहम साक्ष्य
पुलिस के अनुसार, मॉड्यूल-1 से तीन पेट्रोल बम (मोलोटोव कॉकटेल), एक चोरी की मोटरसाइकिल, 2000 रुपये नकद और पाकिस्तानी हैंडलर्स से चैट, फोटो व वीडियो वाले मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं, मॉड्यूल-2 से तीन आधुनिक पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, दो कारें (हुंडई वरना और फोर्ड इकोस्पोर्ट) तथा पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़े मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

आरोपियों की भूमिका
पुलिस के अनुसार, मॉड्यूल-1 में दानिश उर्फ चांद मिया को दिल्ली में रेकी करने और हमले की योजना बनाने का जिम्मा सौंपा गया था। सफलता पर उसे 20 हजार रुपये देने का वादा किया गया था। उसका साथी सलमान हमले का वीडियो बनाने वाला था। मॉड्यूल-2 में तैयब ने हथियारों की खेप लेने और बेचने का काम किया।
जुबैर खान अमृतसर से हथियार लेने गया था, जबकि अली फजल हथियार बेचने की जिम्मेदारी संभाल रहा था। मलकीत सिंह पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आए हथियारों को आगे सप्लाई करने वाला मुख्य व्यक्ति था।
दिल्ली पुलिस ने स्पेशल सेल थाने में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने कहा कि शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

दिल्ली पुलिस नेटवर्क की जानकारी जुटा रही
स्पेशल सेल अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क, फंडिंग, हथियारों की सप्लाई चेन और संभावित साजिशों की जानकारी जुटा रही है।
साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मॉड्यूल से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा उनके निशाने पर कौन-कौन से संभावित लक्ष्य थे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
