पहलगाम का गुनहगार बेनकाब, NIA ने हाफिज सईद को ठहराया हमले का मास्टरमाइंड; दाखिल की सप्लीमेंट्री चार्जशीट
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 22 अप्रैल, 2025 के पहलगाम आतंकी हमले में लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।

पाकिस्तान से प्लानिंग, कश्मीर में खून, हाफिज सईद के खिलाफ NIA की चार्जशीट में बड़े दावे।
HighLights
NIA ने हाफिज सईद के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।
2025 के पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ा है मामला।
हमले में 26 बेगुनाह लोगों की जान गई थी।
डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने सोमवार को एक बड़ा कदम उठाते हुए पाकिस्तान में बैठे आतंकी और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के सरगना हाफिज सईद के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला 22 अप्रैल, 2025 को हुए उस खौफनाक पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ा है, जिसने 26 बेगुनाहों की जान ले ली थी। इनमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय निवासी शामिल थे।
NIA के मुताबिक, हाफिज सईद पर व्यक्तिगत रूप से और साथ ही प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा व उसके प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के मुखिया के तौर पर भी आरोप तय किए गए हैं। NIA ने हाफिज सईद पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), 1967 की कई धाराएं लगाई हैं। आरोप बेहद गंभीर हैं- भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने और सीमा पार से साजिश रचकर इस खूनी हमले को अंजाम देने के।
चार्जशीट में पुख्ता सबूतों का पूरा ब्योरा
यह चार्जशीट असल में पहले दाखिल की गई 1,597 पन्नों की मुख्य चार्जशीट का ही हिस्सा है। इसमें पाकिस्तान की साजिश, हमले में हाफिज सईद की सीधी भूमिका और NIA की वैज्ञानिक जांच व फील्ड इंक्वायरी से जुटाए गए पुख्ता सबूतों का पूरा ब्योरा दिया गया है।
NIA ने बताया कि यह सप्लीमेंट्री चार्जशीट उसकी पिछली जांच को और मजबूत करती है। पिछले साल दिसंबर में एजेंसी ने पाकिस्तान स्थित हैंडलर साजिद जट्ट के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। साथ ही उन तीन आतंकियों को भी चार्जशीट में नामजद किया गया था, जिन्हें जुलाई 2025 में 'ऑपरेशन महादेव' के दौरान सुरक्षाबलों ने मार गिराया था। दो गिरफ्तार आरोपियों पर भी आरोप तय हो चुके हैं।
एजेंसी ने पहले ही प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन TRF को कानूनी संस्थाओं के रूप में चार्जशीट किया था। इन पर पहलगाम हमले की साजिश रचने, उसे सुविधाजनक बनाने और अंजाम देने का आरोप है।
आपको बता दें कि 22 अप्रैल, 2025 को हुए पहलगाम हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय निवासी की मौत हो गई थी। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।
