दिल्ली-NCR के 'रैट माइनर्स' की टीम ने नेपाल रेस्क्यू में मदद के लिए मांगी इजाजत, राजदूत को लिखा पत्र
दिल्ली-एनसीआर की 'रैट माइनर्स' टीम ने बाढ़ प्रभावित नेपाल में बचाव कार्यों में मदद की पेशकश की है। यह वही टीम है जिसने 2023 में सिल्क्यारा टनल में फंसे 41 मजदूरों को बचाया था, और अब 500 से अधिक फंसे मजदूरों को निकालने में सहायता देना चाहती है।
-1788057273930_v-1788139511825_v-1788398682774_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
दिल्ली-एनसीआर के रैट माइनर्स ने नेपाल में मदद की पेशकश की।
सिल्क्यारा टनल में 41 मजदूरों को बचाने में निभाई थी अहम भूमिका।
नेपाल में बाढ़ से 500 से अधिक मजदूर सुरंगों में फंसे।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली-NCR के "रैट माइनर्स" (हाथ से खुदाई करने वाले) की एक टीम ने बाढ़ से प्रभावित नेपाल में बचाव कार्यों में मदद करने की पेशकश की है। 2023 में सिल्क्यारा टनल में फंसे सभी 41 मजदूरों को बचाने में इसी टीम की हाथ से खुदाई करने की तकनीक ने मदद की थी।
500 से अधिक मजदूरों के सुरंगों में फंसे होने की आशंका
नेपाल में बाढ़ के कारण 12 जलविद्युत (हाइड्रोपावर) परियोजनाओं से करीब 900 मजदूर लापता हैं। माना जा रहा है कि इनमें से लगभग 500 मजदूर मलबे और कीचड़ से पटी सुरंगों के अंदर फंसे हो सकते हैं। बाढ़ ने रसुवा और नुवाकोट जिलों में स्थित कई जलविद्युत परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे सुरंगों के प्रवेश द्वार और अंदर के हिस्से पूरी तरह से ढह गए हैं या ब्लॉक हो गए हैं। फिलहाल नेपाली सेना 19 हाइड्रोपावर सुरंगों में खोज और बचाव कार्य में जुटी हुई है।
भारतीय राजदूत को लिखा पत्र
टीम के पुणे स्थित वॉलंटियर कोऑर्डिनेटर आनंद कंसल ने नेपाल में भारतीय राजदूत को पत्र लिखकर नेपाली अधिकारियों तक अपनी सेवाएं पहुंचाने की अपील की है। कंसल ने कहा, "नेपाल में बाढ़ की भयावह तस्वीरें और वीडियो देखकर हम बेहद दुखी हैं। यह हाल के दिनों की सबसे बड़ी त्रासदियों में से एक है।" उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी टीम की पारंपरिक और सटीक हस्त-खुदाई तकनीक आपदा के इस समय में जिंदगियां बचाने में कारगर साबित हो सकती है।
सिल्क्यारा से तेलंगाना तक लोहा मनवा चुकी है टीम
नवंबर 2023 में सिल्क्यारा-बेंड-बरकोट टनल हादसे में जब भारी मशीनें और ऑगर ड्रिलिंग फेल हो गई थीं, तब इन्हीं रैट माइनर्स ने जान जोखिम में डालकर संकरे रेस्क्यू पाइपों के अंदर हाथ से खुदाई की थी। 17 दिनों से 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला था।
इसके अलावा, फरवरी 2025 में तेलंगाना की श्रीशैलम टनल दुर्घटना के दौरान भी इस 12 सदस्यीय टीम ने विशेष रेस्क्यू एजेंसियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।