दिल्ली-NCR में केमिस्टों की हड़ताल का मिला-जुआ असर, मेडिकल स्टोर बंद हैं तो यहां पर आसानी से मिलेंगी दवाएं
दिल्ली-एनसीआर में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्ट हड़ताल का मिला-जुला असर रहा। कई स्थानीय मेडिकल स्टोर बंद रहे, ...और पढ़ें

फरीदाबाद में ज्यादातर मेडिकल स्टोर खुले मिले। फोटो: जागरण
HighLights
केमिस्ट हड़ताल का दिल्ली-एनसीआर में मिला-जुला असर दिखा
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुलाई गई थी हड़ताल
अस्पतालों के पास मेडिकल स्टोर खुले रहे, मरीजों को राहत
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में केमिस्ट हड़ताल का मिला-जुला असर देखने को मिला।
कई स्थानीय बाजारों में मेडिकल स्टोर बंद रहे तो कहीं खुले भी मिले। जबकि अस्पताल परिसरों, सरकारी केंद्रों और बड़ी फार्मेसी चेन की दुकानें सामान्य रूप से खुली रहीं।
हड़ताल ऑनलाइन दवा बिक्री और ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म के विरोध में बुलाई गई थी। केमिस्ट संगठनों का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भारी छूट देकर पारंपरिक मेडिकल स्टोरों के कारोबार को प्रभावित कर रहे हैं।
दिल्ली में कई बाजारों में दुकानें बंद
दिल्ली के लक्ष्मी नगर, प्रीत विहार, करोल बाग और चांदनी चौक समेत कई इलाकों में स्थानीय मेडिकल स्टोर बंद दिखाई दिए। हालांकि एम्स, सफदरजंग, आरएमएल और एलएनजेपी जैसे बड़े सरकारी अस्पतालों और निजी नर्सिंग होम के पास स्थित मेडिकल स्टोर खुले रहे, जिससे मरीजों को राहत मिली।
गाजियाबाद में आंशिक असर
गाजियाबाद के राजनगर, कविनगर, इंदिरापुरम, वैशाली और वसुंधरा में कई बड़े रिटेल मेडिकल स्टोर बंद रहे। वहीं एमएमजी जिला अस्पताल और कंबाइंड अस्पताल के सामने की दुकानें खुली रहीं। कई कॉर्पोरेट फार्मेसी चेन ने भी सेवाएं जारी रखीं।

साहिबाबाद के वसुंधरा में खुला मेडिकल स्टोर: फोटो: मनाेज कुमार
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कम असर
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हड़ताल का असर अपेक्षाकृत कम रहा। सेक्टर-18, सेक्टर-62 और परी चौक जैसे व्यावसायिक इलाकों में कई दुकानें खुली मिलीं। आईटी और कॉर्पोरेट हब होने के कारण यहां ऑनलाइन दवा डिलीवरी सेवाएं भी सक्रिय रहीं।
फरीदाबाद में भी अधिक स्टोर खुले रहे
फरीदाबाद के ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी और बल्लभगढ़ में अधिकर मेडिकल स्टोर खुले मिले। बीके अस्पताल और एनएच-3 के आसपास मेडिकल स्टोर खुले रहे।
गुरुग्राम में भी कम असर
गुरुग्राम में हड़ताल का असर सबसे कम देखने को मिला। मेदांता, फोर्टिस और आर्टेमिस जैसे बड़े अस्पतालों की फार्मेसी सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं। कई स्वतंत्र मेडिकल स्टोर भी कुछ घंटों बाद खुल गए।
अगर मेडिकल स्टोर बंद हों तो क्या करें?
- सरकारी अस्पतालों और बड़े निजी अस्पतालों की फार्मेसी खुली है।
- प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र सामान्य रूप से संचालित हैं।
- ऑनलाइन दवा वितरण सेवाएं जारी रहीं, मिनटों में दवा मिली।
- कॉरपोरेट फार्मेसी चेन ने घर तक दवा पहुंचाने की सुविधा जारी रखी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-यूपी में पारा 45°C पार: लू से बचना है तो बाहर निकलते समय बैग में जरूर रखें ये 5 चीजें
