विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पूजा पर दिल्ली सरकार का बड़ा तोहफा, पटना समेत बिहार के 7 शहरों के लिए चलेंगी 50+ वोल्वो बसें

Published: Wed, 28 Oct 2026 09:54 PM (IST)

दिल्ली सरकार छठ महापर्व से पहले बिहार के सात शहरों के लिए 50 से अधिक वातानुकूलित लग्जरी बसें शुरू करने ...और पढ़ें

दिल्ली से बिहार के सात शहरों के लिए चलेंगी लग्जरी बसें। फोटो: आर्काइव

दिल्ली से बिहार के सात शहरों के लिए चलेंगी लग्जरी बसें। फोटो: आर्काइव

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। छठ महापर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली सरकार अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत दिल्ली से बिहार के सात शहरों के लिए 50 से अधिक वातानुकूलित लग्जरी बसें चलाई जाएंगी।

परिवहन विभाग ने इस योजना का प्रस्ताव अंतिम मंजूरी के लिए उपराज्यपाल टीएस संधू के पास भेज दिया है। सरकार का लक्ष्य इस वर्ष छठ से पहले बस सेवा शुरू करने का है।

परिवहन मंत्री डा पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली और बिहार सरकार के बीच इस सेवा को लेकर समझौता ज्ञापन पर सहमति बन चुकी है। अब उपराज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद बसों का संचालन शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।

शुरुआती चरण में 50 से अधिक बसें चलाने की योजना है। यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया को देखते हुए भविष्य में बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

बिहार के सात शहरों तक पहुंच आसान

इस बस सेवा के शुरू होने से बिहार जाने वाले यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिलेगा। घोषित योजना के अनुसार दिल्ली से पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर सहित बिहार के प्रमुख शहरों को बस सेवा से जोड़ने की तैयारी है। परिवहन विभाग के अनुसार, कुल सात स्थानों तक बसें चलाने की योजना है।

वोल्वो बसों से होगा लंबी दूरी का सफर

दिल्ली से बिहार की लंबी दूरी को देखते हुए इस मार्ग पर वोल्वो जैसी वातानुकूलित बसें चलाई जाएंगी। बसों की लंबाई 12 मीटर होगी और इनमें यात्रियों के सामान रखने के लिए भी पर्याप्त जगह होगी।

सभी बसें बीएस-6 मानकों के अनुरूप होंगी। फिलहाल इन मार्गों पर बिजली से चलने वाली बसें चलाना व्यावहारिक नहीं है, क्योंकि लंबी दूरी के रास्तों पर पर्याप्त चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।

परिवहन विभाग इन बसों का संचालन किराये पर बस लेने की व्यवस्था के तहत करेगा। इसमें निजी संचालक बसों की व्यवस्था और संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की आय में भी वृद्धि होगी।

कई राज्यों के लिए भी योजना

दिल्ली सरकार इससे पहले उत्तराखंड के ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून, हरियाणा के पानीपत, उत्तर प्रदेश के अयोध्या, लखनऊ और मुरादाबाद तथा अमृतसर, चंडीगढ़ और जम्मू के लिए भी अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की योजना घोषित कर चुकी है।

बिहार के लिए बस सेवा इसी विस्तार योजना का हिस्सा है।

यह भी पढ़ें- पावर बैंक ब्लास्ट के बाद रेलवे का बड़ा फैसला, अब रात 11 से सुबह 5 बजे तक ट्रेन में नहीं मिलेगी ये सुविधा