विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बनारस-कोलकाता जैसा अनुभव नहीं! यमुना क्रूज में भारी-भरकम किराया, फिर भी सफर का अधूरा मजा

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:19 AM (IST)

दिल्ली में यमुना क्रूज सेवा पर्यटकों को नया अनुभव दे रही है, लेकिन आकर्षक नजारों और विकसित रिवरफ्रंट के अभाव ...और पढ़ें

यमुना क्रूज का सफर। जागरण

यमुना क्रूज का सफर। जागरण

HighLights

  1. यमुना क्रूज पर पर्यटकों को आकर्षक नजारों का अभाव।

  2. 500 रुपये का टिकट और 50 रुपये अतिरिक्त प्रवेश शुल्क महंगा।

  3. बनारस-कोलकाता क्रूज ऐतिहासिक-धार्मिक स्थलों से जुड़े हैं।

वी के शुक्ला, नई दिल्ली। दिल्ली में यमुना पर क्रूज सेवा शुरू होने के बाद पर्यटकों को नदी की सैर का नया विकल्प तो मिल गया है, लेकिन इस सफर को यादगार बनाने के लिए जिन आकर्षक नजारों और पर्यटन स्थलों की जरूरत है, उनका फिलहाल अभाव है।

वहीं, जिस क्षेत्र में क्रूज चलाया जा रहा है, वहां यमुना किनारे ऐसा कोई प्रमुख दर्शनीय स्थल विकसित नहीं है, जिसे देखकर पर्यटक रोमांचित हो सकें। ऐसे में रिवरफ्रंट का विकास किए बिना क्रूज का पूरा आनंद मिलना मुश्किल है।

क्रूज की सवारी के लिए व्यवस्थाओं के मामले में एक अव्यवस्था यह सामने आई है कि पर्यटकों को 500 रुपये का टिकट लेना पड़ रहा है। पर्यटक इसे 30 मिनट की सवारी के लिए महंगा बता रहे हैं। वहीं परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये का अलग शुल्क भी देना पड़ रहा है।

पर्यटकों का सवाल है कि जब उन्होंने क्रूज की सवारी के लिए 500 रुपये का टिकट खरीद लिया है तो उनसे परिसर में प्रवेश का अतिरिक्त शुल्क क्यों लिया जा रहा है। कई पर्यटकों ने इसका विरोध भी जताया है। उनकी मांग है कि क्रूज का टिकट कम किया जाए और क्रूज का टिकट लेने वालों को 50 रुपये के प्रवेश शुल्क से छूट मिलनी चाहिए।

क्रूज की सवारी के रोमांच की बात करें तो यमुना बैराज के पास बने स्टेशन से क्रूज चलने के बाद जब सोनिया विहार की ओर आगे बढ़ता है तो यमुना के दोनों किनारों पर पर्यटकों को देखने के लिए कुछ नहीं मिलता।

सोनिया विहार की तरफ जगह जगह लोग खड़े होकर क्रूज को निहारते देखते हैं और उसमें सवार लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन करते हैं। यह दृश्य कुछ देर के लिए मनोरंजक जरूर होता है, लेकिन पूरे सफर का आकर्षण नहीं बन पाता।

क्रूज के बाईं ओर दूसरे किनारे पर कुछ स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के पक्षी जरूर दिखाई देते हैं जो पर्यटकाें का कुछ रोमांच बढ़ा पाते हैं।

दिल्ली में भी यमुना रिवरफ्रंट विकसित करने की बात हो रही है, यमुना को स्वच्छ और अविरल बनाने के साथ ही दिल्ली क्षेत्र में इसके किनारों को साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर विकसित किया जाना है।

इस परियोजना पर काम शुरू होने में ही अभी समय लगने की संभावना है। इसके विपरीत बनारस और कोलकाता में नदी की सैर को वहां की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत से जोड़ा गया है।

बनारस में 84 घाटों का दर्शन 

बनारस में गंगा क्रूज की सबसे बड़ी खासियत वहां के ऐतिहासिक और धार्मिक घाट हैं। पर्यटकों को लगभग 90 मिनट की यात्रा में गंगा के 84 घाटों का नजारा दिखाया जाता है। शाम के विशेष पैकेज में दशाश्वमेध घाट पर होने वाली प्रसिद्ध गंगा आरती और घाटों पर जगमगाते दीप पर्यटकों के लिए विशेष अनुभव होते हैं।

हुगली में ऐतिहासिक पुलों और विरासत का दीदार

कोलकाता में हुगली नदी पर क्रूज की यात्रा के दौरान प्रसिद्ध हावड़ा ब्रिज (रवींद्र सेतु), विद्यासागर सेतु, प्रिंसेप घाट, मिलेनियम पार्क और नदी किनारे बने पुराने घाट शामिल हैं। कुछ लंबे क्रूज मार्गों पर बेलूर मठ और दक्षिणेश्वर काली मंदिर के नजारे भी देखने को मिलते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।