विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1 लाख स्मार्ट लाइट और 50 हजार CCTV कैमरे, दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर CM रेखा गुप्ता ने किया बड़ा एलान

Published: Tue, 27 Oct 2026 09:34 PM (IST)

दिल्ली सरकार महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइट और 50 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर काम कर रही है।

डीयू स्थित दौलत राम कालेज में प्रोफेसर व छात्राओं के साथ मौजूद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता। सौजन्य:इंटरनेट मीडिया

डीयू स्थित दौलत राम कालेज में प्रोफेसर व छात्राओं के साथ मौजूद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता। सौजन्य:इंटरनेट मीडिया

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक लाख स्मार्ट स्ट्रीट लाइट और 50 हजार नए सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना पर काम किया जा रहा है।

स्मार्ट लाइटों को कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जोड़ा जाएगा, जिससे खराब लाइटों की पहचान कर उन्हें समयबद्ध तरीके से ठीक कराया जा सकेगा। इससे अंधेरे वाले स्थानों (डार्क स्पॉट) को कम करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी।

एक लाख स्मार्ट लाइट और 50 हजार कैमरे लगेंगे

मुख्यमंत्री ने कॉलेज के सेंटेनरी शैक्षणिक भवन, कंप्यूटर केंद्र और कौशल विकास केंद्र का उद्घाटन किया। छात्राओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि लड़कियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल उन पर डालना उचित नहीं है।

समाज को अपनी सोच बदलनी होगी और लड़कियों पर पाबंदियां लगाने के बजाय लड़कों और पुरुषों को महिलाओं का सम्मान करना सिखाना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए उनके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने और अपने फैसले स्वयं लेने का साहस विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि युवाओं को तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और आत्मनिर्भरता के लिए तैयार करना भी है।

छात्र राजनीति ने दिखाई सार्वजनिक जीवन की राह

दौलत राम कॉलेज की पूर्व छात्रा रहीं मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि कॉलेज छात्रसंघ की महासचिव बनने के बाद ही उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत हुई। छात्र राजनीति में मिली जिम्मेदारियों ने उन्हें लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए काम करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने फैकल्टी रीडिंग रूम, सेमिनार रूम, पुस्तकालय में श्री रामालय, रीसाइक्लिंग यूनिट और बेकरी यूनिट का निरीक्षण किया। उन्होंने ऑडिटोरियम के नवीनीकरण में सहयोग का आश्वासन भी दिया। साथ ही 'मिस डीआरसी टैलेंट हंट' का शुभारंभ किया।

इस दौरान महिला विकास समिति की छात्राओं ने आत्मरक्षा का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण से छात्राओं में संकट का सामना करने का साहस और आत्मविश्वास बढ़ता है।

कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. योगेश सिंह और कॉलेज की प्राचार्या प्रो. सविता राय सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

200 छात्राओं ने दिखाए आत्मरक्षा के गुर

दिल्ली पुलिस के मिशन शक्ति के तहत 200 छात्राओं ने आत्मरक्षा का प्रदर्शन किया। छात्राओं को उत्तरी जिला पुलिस की परिवर्तन स्क्वाड ने प्रशिक्षण दिया था। वर्ष 2026 में पुलिस ने 59 स्कूलों और 12 कॉलेजों में 92 कार्यक्रम आयोजित कर 16,520 छात्राओं को प्रशिक्षित किया।

यह भी पढ़ें- एक्स पर सोनिया गांधी की फोटो पर मचा बवाल, दिल्ली पुलिस के पास पहुंचा मामला