भीषण गर्मी के बाद अब दिल्ली को राहत देगी बारिश, AQI भी कंट्रोल में; क्यों अचानक बदला राजधानी का मौसम?
पहाड़ी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में मौसम बदला है। शुक्रवार को बादल छाए रहे और अधिकतम ...और पढ़ें
-1773424113326_m.webp)
पहाड़ी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में मौसम बदला है। फाइल फोटो
HighLights
पश्चिमी विक्षोभ से दिल्ली में मौसम में बदलाव।
अधिकतम तापमान गिरा, न्यूनतम सामान्य से अधिक।
रविवार को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश संभव।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पहाड़ी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर शुक्रवार को राजधानी में भी महसूस किया गया। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। हालांकि, सूरज निकला, लेकिन उसकी तपिश सामान्य से कुछ कम महसूस हुई। शायद इसी वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को भी मौसम कमोबेश ऐसा ही रहने की उम्मीद है। रविवार को बारिश की भी संभावना है।
अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज
शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस मौसम के सामान्य तापमान से 3.7 डिग्री कम है। यह पिछले दिन की तुलना में तीन डिग्री की गिरावट दर्शाता है। गुरुवार को तापमान 35.8 डिग्री था। इसके विपरीत, न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री अधिक है और इस साल तथा इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। हवा में नमी का स्तर 25 से 86 प्रतिशत के बीच रहा।
गरज-चमक और हल्की बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को भी आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 33 और 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। हालांकि, रविवार को बादलों के साथ-साथ गरज-चमक और हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की भी संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहने का अनुमान है।
इस बीच, शुक्रवार को छह दिनों के अंतराल के बाद दिल्ली की हवा की गुणवत्ता में एक बार फिर सुधार हुआ। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 189 दर्ज किया गया, जो 200 के आंकड़े से नीचे आ गया है। यह इसे "मध्यम" (Moderate) श्रेणी में रखता है। फिलहाल, इन स्तरों में किसी बड़े बिगाड़ की कोई तत्काल संभावना नहीं दिख रही है।
