दिल्ली में कल बढ़ेगा कोहरा, बारिश के बाद ठंड बढ़ने की संभावना; IMD ने दिया मौसम अपडेट
दिल्ली में सुबह-रात में ठंड का अहसास हो रहा है, हालांकि दिन में मौसम सामान्य है। IMD के मुताबिक कल ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
शनिवार सुबह दिल्ली में घना कोहरा छाने की संभावना।
15 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बूंदाबांदी संभव।
पश्चिमी विक्षोभ से 16-19 नवंबर तक बढ़ेगी ठंड।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में सुबह और रात में ठंड का अहसास होना शुरू हो गया है, हालांकि दिन में धूप की वजह से मौसम सामान्य है। नवंबर लगभग आधा बीत चूका है, इसके बाद भी ठंड की एंट्री अभी पूरी तरह से नहीं हो सकी है। इसी बीच IMD ने 14 नवंबर यानी शनिवार को लेकर मौसम की भविष्यवाणी कर दी है।
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक शनिवार को सुबह के समय दिल्ली के अधिकांश इलाकों में कोहरा छाए रहने की संभावना है। साथ ही आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद भी जताई गई है।
दिल्ली में शनिवार को मौसम का हाल
IMD की ओर से शनिवार के लिए बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इसके अलावा दिन के समय में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवाएं 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक 15 नवंबर से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने जा रहा है। इसके प्रभाव से रविवार यानी 15 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
इसके बाद 16 से 19 नवंबर के बीच रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड में इजाफा होने की संभावना है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सफदरजंग में 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं लोधी रोड और रिज इलाके में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।