दिल्ली की वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाना हो या फिर सुधार कराना हो, पोलिंग बूथ पर लगेंगे स्पेशल शिविर
Delhi Voter List Update: दिल्ली में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा मतदाता सूचियों को अपडेट करने और नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

मतदाता सूचियों को अपडेट करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। AI जनरेटेड
HighLights
दिल्ली में मतदाता सूची अपडेट का विशेष अभियान शुरू।
पुनर्विकास प्रभावित क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित।
पात्र नागरिकों को फॉर्म-6 भरने में सहायता मिल रही।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय द्वारा मतदाता सूचियों को अपडेट करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे। इसके तहत दिल्ली के बेला एस्टेट, जेलर वाला बाग, नरेला, बवाना, मंगोलपुरी और वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र जैसे उन इलाकों में रहने वाले नागरिकों के लिए विशेष शिविर (New Voter Registration Delhi) आयोजित किए गए हैं, जो हाल ही में पुनर्विकास या विध्वंस से प्रभावित हुए थे। दावों और आपत्तियों की पूरी अवधि के दौरान ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
घर-घर दौरा और फार्म-6 की स्थिति
सीईओ अशोक कुमार ने बताया कि अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) विभिन्न बस्तियों में जाकर ASDD (Anomalous, Shifted, Dead, Duplicate) सूची में दर्ज मतदाताओं का पुन: सत्यापन कर रहे हैं। यदि कोई पात्र मतदाता अपने दिए गए पते पर निवास करता पाया जाता है, तो उससे तुरंत फार्म-6 भरवा कर नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, दावों और आपत्तियों की अवधि शुरू होने के बाद से अब तक 2,30,165 फार्म-6 प्राप्त हो चुके हैं, जबकि प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशन से पहले 2,12,400 फॉर्म-6 जमा हुए थे। इन सभी आवेदनों का निपटारा भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार किया जा रहा है।
इसके अलावा, जनता की सुविधा और पारदर्शिता के लिए फार्म-9, 10, 11, 11A और 11B के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों की पूरी सूची दिल्ली सीईओ की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है, जिसे साप्ताहिक आधार पर राजनीतिक दलों के साथ भी साझा किया जा रहा है।
1950 हेल्पलाइन नंबर जारी
निर्वाचन अधिकारी (ERO/AERO) को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नागरिक का नाम निष्पक्ष और उचित सुनवाई का अवसर दिए बिना ड्राफ्ट मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति को मतदाता सूची से संबंधित कोई शिकायत है या फार्म-6 भरने में मदद की आवश्यकता है, तो वे सीधे टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, कार्यालय समय के दौरान जिला स्तर पर जिला चुनाव अधिकारी या विधानसभा स्तर पर निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी के कार्यालयों में स्थापित हेल्पडेस्क से भी सहायता ली जा सकती है।
इस पूरी प्रक्रिया (एसआइआर) का समापन 04 दिसंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ होगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली मतदाता सूची सुधार: 18 और 25 अक्टूबर को खास शिविर; बिना दफ्तर जाए ऐसे ठीक कराएं अपनी एंट्री
