दिल्ली में नोटिस पाने वाले 51 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच पूरी, घर-घर पहुंच रहे BLO
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के दौरान जारी 33 लाख नोटिसों में से 17.03 लाख (51% से अधिक) मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच पूरी हो चुकी है।
-1791565075362_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
दिल्ली में 33 लाख मतदाताओं को जारी हुए थे नोटिस।
17.03 लाख मामलों में दस्तावेजों की जांच हुई पूरी।
अंतिम मतदाता सूची 4 दिसंबर को होगी जारी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान करीब 33 लाख मतदाताओं को जारी नोटिस में से 17.03 लाख मामलों में दस्तावेजों की जांच पूरी हो चुकी है। यह कुल मामलों का 51 प्रतिशत से अधिक है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के अनुसार, सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा 30 नवंबर तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची चार दिसंबर को जारी होगी।
घर पर जाकर दस्तावेज ले रहे अधिकारी
सीईओ कार्यालय के अनुसार करीब 13.79 लाख मतदाता वर्ष 2002 की मतदाता सूची से अपना नाम नहीं जोड़ पाए थे, जबकि 19.33 लाख के आवेदन पत्रों में गड़बड़ी मिलने पर नोटिस जारी किए गए थे।
बूथ स्तर के अधिकारी मतदाताओं के घर जाकर दस्तावेज ले रहे हैं। इसके लिए लोगों को सरकारी दफ्तरों में जाने की जरूरत नहीं है।
लगाए जा रहे विशेष शिविर
ड्राफ्ट मतदाता सूची से छूटे योग्य लोगों के नाम जोड़ने के लिए भी विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। शुक्रवार को विभिन्न मतदान केंद्रों पर शिविर लगे। बेघर हुए परिवारों और ट्रांसजेंडर मतदाताओं के पंजीकरण के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई। अगला शिविर 11 अक्टूबर को लगेगा। पात्र मतदाता फार्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
