दिल्ली SIR रद करने की मांग, वोटर लिस्ट से नाम गायब होने पर घमासान; एक परिवार के 8 में से 7 नाम कटने का दावा
दिल्ली में मतदाता सूची के SIR को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। आईएनडीआईए गठबंधन ने प्रक्रिया रद करने और ...और पढ़ें

आईएनडीआईए गठबंधन के दिल्ली इकाई के नेताओं ने बुधवार को दिल्ली में एसआईआर प्रक्रिया को रद करने की मांग की है। एआई इमेज
HighLights
आईएनडीआईए गठबंधन ने दिल्ली SIR रद्द करने की मांग की।
बिना सत्यापन बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए।
गरीब कामगारों, किरायेदारों के नाम सूची से गायब होने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। आईएनडीआईए गठबंधन के दिल्ली इकाई के नेताओं ने बुधवार को इस प्रक्रिया को रद करने और पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा सूची में शामिल करने की मांग की है।
विपक्षी नेताओं का आरोप है कि बिना उचित सत्यापन के बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रारूप मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इसका सबसे ज्यादा असर गरीब कामगारों, किरायेदारों और अनधिकृत बस्तियों में रहने वाले लोगों पर पड़ा है।
कई बस्तियों की आबादी पर पड़ा प्रभाव
प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में माकपा की दिल्ली इकाई के सचिव अनुराग सक्सेना ने आरोप लगाया कि एक ही विधानसभा क्षेत्र में आसपास के दूसरे पते पर जाने वाले किरायेदारों को गणना प्रपत्र नहीं दिए गए और बाद में उन्हें स्थानांतरित मतदाता के रूप में दर्ज कर दिया गया। उन्होंने मद्रासी कैंप, नवजीवन कैंप और वजीरपुर जैसी बस्तियों के निवासियों के प्रभावित होने का भी दावा किया, जहां पिछले दो वर्षों में मकान तोड़े गए हैं।
भाजपा के मार्च पर भी उठाए सवाल
प्रेस क्लब में मौजूद बुराड़ी की 35 वर्षीय मतदाता माया ने दावा किया कि उनके परिवार के आठ सदस्यों में से सात के नाम प्रारूप मतदाता सूची में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनका जन्म, पालन-पोषण और विवाह दिल्ली में ही हुआ है।
दिल्ली कांग्रेस के संगठन महासचिव पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज ने कहा कि भाजपा पर्दे के पीछे से व्यापारी के नुकसान का बहाना बना कर आईएनडीआईए की रैली रोकने का दुष्प्रचार कर रही है वही दूसरी ओर चादनी चौक जैसे बड़े व्यापारिक बाजार में आज मार्च निकाल कर भाजपा अपना राजनीतिक दोगलापन दिखा रही है।
संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली कांग्रेस के अनुज आत्रेय, सीपीआई के प्रो दिनेश वर्ष्णय, आरजेडी के नवल किशोर, फाॅरवर्ड ब्लाॅक के धर्मेंद वर्मा, आरएसपी के आरएस डागर, आरजेडी के आईन अहमद और सीपीआइ (एमएल) की स्वेता मौजूद थीं।
