दिल्ली में कारोबार की मंजूरियों की राह होगी आसान, CM रेखा गुप्ता ने 'उद्योग मित्र पोर्टल' का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल' का शुभारंभ किया, जिससे कारोबारियों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और मंजूरियों के ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ‘दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल’ की शुरुआत की।
HighLights
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल का शुभारंभ किया।
कारोबारियों को सरकारी सेवाओं, मंजूरियों के लिए एक डिजिटल मंच।
पोर्टल पर 15 विभागों की 50 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं।
राज्य ब्यूराे, नई दिल्ली। दिल्ली में कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने की परेशानी जल्द कम हो सकती है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ‘दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल’ की शुरुआत की। इसके माध्यम से व्यापारियों, उद्यमियों, एमएसएमई, स्टार्टअप और निवेशकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और मंजूरियों के लिए एक ही डिजिटल मंच उपलब्ध कराया गया है। इस मौके पर उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद थे।
फिलहाल पोर्टल से 15 विभागों की 50 से अधिक सेवाएं जुड़ी हैं। सरकार का लक्ष्य अगले महीने तक 21 विभागों की 100 से अधिक सेवाओं को इससे जोड़ने का है। सरकार के अनुसार, इससे दिल्ली के आठ लाख से अधिक व्यापारियों और उद्यमियों को लाभ मिलेगा। पोर्टल को राष्ट्रीय एकल खिड़की व्यवस्था से भी जोड़ा गया है, जिससे केंद्र और दिल्ली सरकार से जुड़ी आवश्यक मंजूरियों की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी।
मंजूरियों की पहचान करने के साथ आवेदन भी कर सकेंगे
पोर्टल पर उद्यमी अपने कारोबार के लिए जरूरी मंजूरियों की पहचान करने के साथ आवेदन भी कर सकेंगे। आवेदन की स्थिति जानने के लिए उन्हें अलग-अलग विभागों की वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं होगी। एक ही प्रवेश व्यवस्था के माध्यम से विभिन्न सेवाओं तक पहुंच बनाई जा सकेगी। साझा आवेदन पत्र की सुविधा से बार-बार एक जैसी जानकारी भरने की परेशानी भी कम होगी।
‘अपनी मंजूरियां जानें’ सुविधा के जरिए उद्यमियों को यह जानकारी मिल सकेगी कि उनके प्रस्तावित कारोबार के लिए किन-किन विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र या अन्य मंजूरियां जरूरी हैं। इसके अलावा आवेदन की स्थिति देखने और संबंधित विभाग से संपर्क करने की सुविधा भी पोर्टल पर उपलब्ध होगी।
शिकायत निवारण के लिए हेल्पलाइन
सिंगल विंडो से संबंधित किसी भी कारोबारियों और उद्यमियों की शिकायतों के समाधान के लिए 7827079696 हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध रहेगा। इसके माध्यम से शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी और उनके समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें कारोबारियों को अनावश्यक कागजी प्रक्रिया और प्रक्रियागत जटिलताओं से न गुजरना पड़े। इससे वे कारोबार के विस्तार, निवेश और रोजगार सृजन पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। - रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, दिल्ली सरकार
यह भी पढ़ें- महिला सुरक्षा के लिए दिल्ली में बढ़ेगी पुलिस की गश्त, बंद नहीं होंगे पार्क
