महिला सुरक्षा के लिए दिल्ली में बढ़ेगी पुलिस की गश्त, बंद नहीं होंगे पार्क
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने महिला सुरक्षा के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश ...और पढ़ें

दिल्ली में सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
पार्क बंद नहीं होंगे, रोशनी और पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।
महिला सुरक्षा निर्देशों में लापरवाही पर अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एलजी तरनजीत सिंह संधू ने पुलिस और दिल्ली सरकार की विभिन्न एजेंसियों को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। एलजी ने साफ कहा कि सुरक्षा के नाम पर पार्कों और सार्वजनिक स्थानों को नागरिकों के लिए बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि वहां रोशनी, गश्त और सुरक्षा के इंतजाम बेहतर किए जाएं।
एलजी ने सोमवार को महिला सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इसमें मुख्य सचिव, एमसीडी आयुक्त, एनडीएमसी अध्यक्ष, शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव, डीडीए उपाध्यक्ष और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एलजी ने दिल्ली पुलिस को संवेदनशील स्थानों पर दिखने वाली और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कालेजों और स्कूलों के छात्रों, शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, आरडब्ल्यूए और बाजार संगठनों के साथ पुलिस अधिकारियों का नियमित संवाद होना चाहिए। यह संवाद कम से कम पुलिस उपायुक्त, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारी स्तर पर किया जाए। लोगों से मिलने वाली शिकायतों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं का जल्द समाधान करने के भी निर्देश दिए गए।
पार्कों में रोशनी और सुरक्षा पर जोर
एलजी ने डीडीए, एमसीडी और एनडीएमसी को अपने बड़े पार्कों का वरिष्ठ स्तर पर व्यक्तिगत निरीक्षण करने को कहा। पार्कों में पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा गार्ड और सुरक्षित चारदीवारी सुनिश्चित करने के साथ टूटे हिस्सों की मरम्मत तथा अंधेरे स्थानों को खत्म करने के निर्देश दिए गए। सड़कों पर भी पर्याप्त स्ट्रीट लाइट सुनिश्चित करने और डार्क स्पाट को पूरी तरह खत्म करने पर जोर दिया गया। परिवहन विभाग और डीटीसी को बसों तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बस स्टैंडों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को कहा गया।
एलजी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि महिला सुरक्षा से जुड़े इन निर्देशों के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
-पार्क बंद करने के बजाय सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश
-संवेदनशील इलाकों में पुलिस की दिखाई देने वाली गश्त बढ़ेगी
-पार्कों में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा गार्ड सुनिश्चित होंगे
-टूटी चारदीवारी और बाड़ की मरम्मत होगी
-सड़कों और सार्वजनिक स्थानों से अंधेरे स्थान खत्म किए जाएंगे
-बस स्टैंडों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होगी
-स्कूल-कालेजों और स्थानीय संगठनों से पुलिस का सीधा संवाद बढ़ेगा
-सुरक्षा के नाम पर नागरिकों के लिए पार्क बंद नहीं किए जाएंगे
-लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी
