दिल्ली में ब्रिगेडियर और उनके बेटे को पुलिस के सामने पीटा, एविएशन कंपनी का डायरेक्टर गिरफ्तार; मर्सिडीज जब्त
वसंत एन्क्लेव में 11 अप्रैल को सेना के एक अधिकारी और उनके बेटे पर हुए हमले के मामले में पुलिस ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करने के साथ ही उनकी मर्सिडीज जब्त की। फोटो: जागरण
HighLights
सेना अधिकारी और बेटे पर हमले में दो गिरफ्तार
आरोपियों ने ब्रिगेडियर के घर के पास की मारपीट
घटना में प्रयुक्त मर्सिडीज कार पुलिस ने जब्त की
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। वसंत एन्क्लेव स्थित घर के पास सेना के एक अधिकारी और उनके बेटे से 11 अप्रैल की रात मारपीट मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों आरोपित सेना में ब्रिगेडियर के घर के आगे मर्सिडीज में बैठकर शराब पी रहे थे। उनके बेटे ने मना किया तो अपने साथियों को बुलाकर ब्रिगेडियर व उनके बेटे के साथ मारपीट की थी।
मारपीट के दौरान पुलिस कार से उतरी तक नहीं
मारपीट की घटना के दौरान पुलिस की टीम भी मौजूद थी। कम संख्या का हवाला देते हुए पुलिस टीम डर के मारे वाहन से उतरी ही नहीं।बीएनएस की धारा 115(2), 126(2), 351(2), 79, 191(2), 190 के तहत एफआईआर दर्जकर आरोपितों की तलाश की जा रही थी।
वहीं, मामले में लापरवाही बरतने वाले इंस्पेक्टर (आईओ) लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस मामले का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुए। मामला सेना से जुड़ा होने के बाद भी पुलिस की लचर कार्यशैली को लेकर लोगों ने रोष जाहिर किया। प्रसारित वीडियो में दिख रहे दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
एविएशन कंपनी का निदेशक है आरोपित
आरोपितों की पहचान मेहरम नगर-नई दिल्ली निवासी सतेंद्र उर्फ सोनू और संजय शर्मा के रूप में हुई है। सतेंद्र 'चौधरी एविएशन प्राइवेट लिमिटेड' नामक कंपनी में निदेशक हैं, जो उड़ान सेवाएं (चार्टर्ड उड़ानें, कार्गो उड़ानें आदि) प्रदान करती है।
साथ ही विमानों व उनके पुर्जों की खरीद-बिक्री का भी काम करती है। वहीं, संजय शर्मा मेहरम नगर में ही 'पंडित जी ढाबा' चलाता है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। वहीं घटना में इस्तेमाल हुई मर्सिडीज कार (डीएल 3सीसीवाई 0789) को भी जब्त कर लिया है।
