'सांसद सो रहे हैं, उन्हें जगाना होगा', E20 पेट्रोल के खिलाफ 4 अगस्त को संसद घेरेंगे दिल्ली के ट्रांसपोर्टर्स
दिल्ली के ट्रांसपोर्ट संगठन 4 अगस्त को ई20 ईंधन के खिलाफ संसद मार्च निकालेंगे। वे ई20 को एकमात्र विकल्प के ...और पढ़ें

ई20 ईंधन के विरोध में दिल्ली के ट्रांसपोर्टर्स का संसद मार्च 4 अगस्त को होगा।
HighLights
दिल्ली के ट्रांसपोर्ट संगठन ई20 ईंधन का विरोध करेंगे।
4 अगस्त को संसद की ओर मार्च निकालेंगे प्रदर्शनकारी।
ई20 को एकमात्र विकल्प बनाने का विरोध, विकल्प की मांग।
पीटीआई, नई दिल्ली। दिल्ली के ट्रांसपोर्ट संगठन इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ई20) के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रहे हैं। दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एंड टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में विभिन्न संगठन 4 अगस्त को संसद की ओर मार्च निकालेंगे।
प्रदर्शन का मकसद ई20 ईंधन को वापस लेने की मांग करना है। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सम्राट ने कहा कि देशभर से वाहनों में ईथेनॉल ब्लेंडिंग से जुड़ी समस्याएं आ रही हैं।
प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है: संजय सम्राट
संजय सम्राट ने कहा, "हम 4 अगस्त को संसद मार्च निकालकर सांसदों को जगाने का प्रयास करेंगे, जो इस मुद्दे पर सोए हुए हैं।" उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रदर्शन किसी भी राजनीतिक दल या आंदोलन से जुड़ा नहीं है। उन्होंने 'ई-20 जनता पार्टी' और 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) से दूरी बनाते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और किसी पार्टी से संबंधित नहीं है।
ई20 ईंधन को एकमात्र विकल्प के रूप में थोपना नहीं चाहिए: हरीश सभरवाल
ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश सभरवाल ने बताया कि सरकार को ई20 ईंधन को एकमात्र विकल्प के रूप में थोपना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा, "यात्री और वाहन चालकों को विकल्प दिया जाना चाहिए। फिलहाल कोई विकल्प नहीं दिया जा रहा है।" उन्होंने मार्च का समर्थन किया, लेकिन अभी किसी हड़ताल का आह्वान नहीं किया गया है।
यह प्रदर्शन की घोषणा 'ई-20 जनता पार्टी' नामक ऑनलाइन आंदोलन के कुछ दिनों बाद आई है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह आंदोलन भी ई20 ईंधन के खिलाफ है और पहले 'कॉकरोच जनता पार्टी' की तर्ज पर शुरू किया गया था।
