विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अतिक्रमण से गलत पार्किंग तक, दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस की सख्ती; एक हफ्ते में कटे 3000 से ज्यादा चालान

Published: Sat, 26 Sep 2026 10:52 PM (IST)Updated: Sat, 26 Sep 2026 10:53 PM (IST)

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सड़कों पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और ट्रैफिक बाधा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पिछले एक ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अतिक्रमण व अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की।

  2. एक सप्ताह में 3000 से अधिक चालान काटे गए।

  3. डीयू क्षेत्र में काली फिल्म व नशे में ड्राइविंग पर विशेष अभियान।

गरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की मध्य व उत्तरी रेंज ने सड़कों पर अतिक्रमण, अवैध कब्जे, गलत तरीके से पार्किंग और ट्रैफिक में बाधा डालने वाले अन्य मामलों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले एक सप्ताह में दोनों रेंज की ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई कर करीब तीन हजार से अधिक चालान काटे।

यातायात पुलिस के अधिकारी के मुताबिक, अभियान के तहत मध्य रेंज में 523 चालान काटे गए, जबकि 15 वाहनों को टो किया गया और 114 वाहनों पर क्लैंप लगाया गया। इसके अलावा 54 रेहड़ी-पटरी और अन्य अवैध अतिक्रमण हटाए गए।

प्रमुख सड़कों को कराया अतिक्रमण मुक्त

17 से 25 सितंबर के बीच बारा टूटी चौक, तेलीवाड़ा रूई मंडी, सदर बाजार, पहाड़ी धीरज रोड, कुतुब रोड, नेताजी सुभाष मार्ग, एचसी सेन मार्ग समेत कई इलाकों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा आउटर रिंग रोड पर चांदगीराम अखाड़ा रेड लाइट से मजनू का टीला, आइएसबीटी लूप और शाहदरा लूप पर भी विशेष अभियान चलाया गया।

वहीं उत्तरी रेंज में भी ट्रैफिक पुलिस ने सड़कों और फुटपाथ पर अतिक्रमण के खिलाफ पांच दिन तक विशेष अभियान चलाया। 21 से 25 सितंबर तक सभी ट्रैफिक सर्कल में कार्रवाई की गई। इस दौरान 2,494 चालान काटे गए, जबकि 292 रेहड़ी-पटरी हटाई गईं और 103 वाहन जब्त किए गए।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में बिना पुलिस हो रहा एक्शन, AI कैमरों ने काटे 39 लाख ट्रैफिक चालान; रूल्स तोड़ने में कार वाले आगे 

इस दौरान हरीश चंदर अस्पताल चौक, बवाना चौक, हकीकत नगर, जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन, समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन, नेताजी सुभाष प्लेस, कंझावला चौक, शाह आलम बांध मार्ग, जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन, लामपुर मोड़ और रिठाला मेट्रो स्टेशन समेत कई भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान कई प्रमुख सड़क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इनमें हरीश चंदर अस्पताल रोड, बवाना-नरेला रोड, रिंग रोड (आजादपुर से मुकरबा), समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन से रोहिणी सेक्टर-18 रोड, मधुबन चौक से नेताजी सुभाष प्लेस और रिठाला से मधुबन चौक तक के हिस्से शामिल हैं।

डीयू क्षेत्र में चलाया विशेष ट्रैफिक अभियान

वहीं, दिल्ली विश्वविद्यालय क्षेत्र में दिल्ली पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। डीसीपी ट्रैफिक के. रमेश ने बताया कि अभियान दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय पुलिस और पीसीआर यूनिट के समन्वय से चलाया जा रहा है।

हाल की घटनाओं को देखते हुए इस दौरान खास तौर पर वाहनों के शीशों पर लगी काली फिल्म (टिंटेड विंडो) की जांच की जा रही है, क्योंकि इससे सुरक्षा संबंधी जोखिम पैदा हो सकते हैं। इसके अलावा ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और नशे में ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- यमुना एक्सप्रेसवे पर रियलिटी चेक: नियमों को रौंदकर दौड़ती मिली 30 लाख के 265 चालान वाली बस, बीमा भी खत्म

समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ