विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में बिना पुलिस हो रहा एक्शन, AI कैमरों ने काटे 39 लाख ट्रैफिक चालान; रूल्स तोड़ने में कार वाले आगे 

Published: Sat, 26 Sep 2026 02:14 PM (IST)

राजधानी दिल्ली में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों में कार चालक सबसे आगे हैं, जिनके 17.56 लाख चालान हुए ...और पढ़ें

दिल्ली में यातायात नियम तोड़ने वालों में कार वाले सबसे आगे। फोटो: जागरण

दिल्ली में यातायात नियम तोड़ने वालों में कार वाले सबसे आगे। फोटो: जागरण

HighLights

  1. दिल्ली में कार चालक यातायात नियम तोड़ने में सबसे आगे हैं

  2. कैमरों से कार चालकों के 17.56 लाख चालान जारी किए गए

  3. कुल कैमरा चालानों में 1.60 लाख की बढ़ोतरी हुई है

मोहम्मद साकिब, नई दिल्ली। दिल्ली की सड़कों पर यातायात नियम तोड़ने वालों पर कैमरों की नजर लगातार बढ़ रही है। इस वर्ष 20 सितंबर तक कैमरों के जरिये विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के 38,95,591 चालान जारी किए गए हैं।

इनमें सबसे ज्यादा 17,56,160 चालान कार ड्राइवरों के हैं, जबकि दोपहिया वाहन ड्राइवर 12,42,653 चालानों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

एक साल में 1.60 लाख बढ़े कैमरा चालान

यातायात पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वर्ष 20 सितंबर तक कैमरों से 37,34,673 चालान जारी किए गए थे। इस वर्ष इसी अवधि में इनकी संख्या बढ़कर 38,95,591 हो गई। यानी एक साल में कैमरा आधारित चालान की संख्या में 1,60,918 की बढ़ोतरी हुई है।

कैमरों के जरिये चालान जारी होने से नियमों के उल्लंघन पर निगरानी का दायरा बढ़ा है। प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी की मौके पर मौजूदगी के बिना भी वाहनों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

कार ड्राइवरों के सबसे ज्यादा चालान

20 सितंबर तक कैमरों से जारी चालानों में कार ड्राइवर सबसे आगे रहे। इसके बाद दोपहिया वाहन ड्राइवरों का नंबर है। वहीं टैक्सी के 5,22,668, हल्के मालवाहक वाहनों के 1,34,856 और तीन पहिया वाहनों के 80,097 चालान जारी हुए।

कैमरों से जारी चालानों का आंकड़ा

वाहन बीते वर्ष इस वर्ष
दोपहिया 6,55,969 12,42,653
तीन पहिया 94,009 80,097
ई-रिक्शा 37,233 44,717
भारी मालवाहक वाहन 17,912 25,370
मध्यम श्रेणी के वाहन 7,381 11,853
हल्के मालवाहक वाहन 1,30,107 1,34,856
कार 20,88,123 17,56,160
बस 34,999 29,481
टैक्सी 6,67,273 5,22,668
अन्य वाहन 1,667 47,736

नोट : आंकड़े 20 सितंबर तक के हैं।

एआई स्मार्ट कैमरों से भी निगरानी

यातायात पुलिस आइटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम), एएनपीआर (आटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन), AI आधारित स्मार्ट कैमरों के साथ ओएसवीडी (ओवर स्पीड वायलेशन डिटेक्शन) और आरएलवीडी (रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन) कैमरों का इस्तेमाल कर रही है।

इन प्रणालियों के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर चालान जारी किए जा रहे हैं।

गलत दिशा में वाहन चलाने पर 417 FIR

सड़क हादसों को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए नई दिल्ली रेंज ट्रैफिक पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया।

नई दिल्ली और दक्षिण-पश्चिम जिले के 11 ट्रैफिक सर्कल में कार्रवाई के दौरान 915 चालान किए गए और कानून के अनुसार FIR भी दर्ज की गईं। इस वर्ष अब तक गलत दिशा में वाहन चलाने पर 33,005 चालान और 417 FIR दर्ज हो चुकी हैं।

गलत पार्किंग पर भी कार्रवाई

दक्षिणी रेंज ट्रैफिक पुलिस ने स्थानीय पुलिस के साथ 19 और 20 सितंबर को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान गलत पार्किंग के 829 चालान किए गए।

इनमें 266 ई-चालान और 563 दिल्ली यातायात पुलिस के आधिकारिक मोबाइल एप के जरिये किए गए। इसके अलावा 98 रेहड़ी-पटरी हटाई गईं और आठ वाहनों को क्रेन से टो किया गया।

यह भी पढ़ें- 1148 एकड़ में बनेंगे 3 इंडस्ट्रियल हब, दिल्ली सरकार का मेगा प्लान; लाखों युवाओं को मिलेगा रोजगार