विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1148 एकड़ में बनेंगे 3 इंडस्ट्रियल हब, दिल्ली सरकार का मेगा प्लान; लाखों युवाओं को मिलेगा रोजगार

Published: Sat, 26 Sep 2026 01:56 PM (IST)

दिल्ली सरकार कंझावला, रानीखेड़ा और बापरोला को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की तैयारी में है, जिससे प्रदूषण रहित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

दिल्ली में बनेंगे तीन बड़े इंडस्ट्रियल हब। फोटो: आर्काइव

दिल्ली में बनेंगे तीन बड़े इंडस्ट्रियल हब। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. दिल्ली सरकार प्रदूषण रहित उद्योगों को बढ़ावा देगी

  2. कंझावला, रानीखेड़ा, बापरोला में औद्योगिक हब बनेंगे

  3. 1148 एकड़ भूमि पर नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित होंगे

वीके शुक्ला, नई दिल्ली। कंझावला, रानीखेड़ा और बापरोला को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की वर्षों पुरानी योजना के अब आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है।

दिल्ली सरकार राजधानी में ऐसे उद्योगों को बढ़ावा देने की तैयारी कर रही है, जिनसे प्रदूषण कम हो और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अधिक अवसर पैदा हों।

नई औद्योगिक नीति को अंतिम रूप देने से पहले सरकार ने उद्योग और भवन निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों से सुझाव लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार को भी उद्योग जगत से जुड़े लोगों के साथ बैठक प्रस्तावित है।

सरकार ने तीनों क्षेत्रों में कुल करीब 1148 एकड़ भूमि को नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए चिह्नित किया है। इसमें कंझावला में करीब 920 एकड़, रानीखेड़ा में 147 एकड़ और बापरोला में 81 एकड़ भूमि शामिल है।

इन क्षेत्रों के विकसित होने से पश्चिमी और बाहरी दिल्ली में औद्योगिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलने की उम्मीद है।

कंझावला : सबसे बड़ा प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र

कंझावला में करीब 920 एकड़ भूमि को औद्योगिक विकास के लिए चिह्नित किया गया है। तीनों प्रस्तावित क्षेत्रों में यह सबसे बड़ा क्षेत्र है। लंबे समय से यहां नियोजित औद्योगिक गतिविधियों को विकसित करने की चर्चा होती रही है।

योजना आगे बढ़ने पर बड़े भूभाग में नए उद्योगों के लिए आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं।

रानीखेड़ा : 147 एकड़ में उद्योगों को विस्तार

रानीखेड़ा में करीब 147 एकड़ भूमि प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र के लिए चिन्हित है। क्षेत्र को विकसित करने का उद्देश्य उद्योगों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

यहां नए उद्योगों के साथ सहायक कारोबारी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

बापरोला : 81 एकड़ में नए उद्योगों की तैयारी

बापरोला में करीब 81 एकड़ भूमि को औद्योगिक क्षेत्र के लिए चिह्नित किया गया है। यह क्षेत्र पहले से ही बाहरी दिल्ली की औद्योगिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है। प्रस्तावित विकास के तहत यहां स्वच्छ और तकनीक आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा सकता है।

पुरानी योजना को नई नीति से गति मिलने की उम्मीद है। यहां पूर्व में इलेक्ट्रानिक सिटी विकसित किए जाने की बात होती रही है। कंझावला, रानीखेड़ा और बापरोला को औद्योगिक गतिविधियों के लिए विकसित करने की योजना नई नहीं है।

इन क्षेत्रों में लंबे समय से औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर चर्चा होती रही है, लेकिन भूमि, नियोजन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों के कारण योजना अपेक्षित गति नहीं पकड़ सकी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-जयपुर हाईवे पर फिर लगा लंबा जाम, 2 गाड़ियों के पंचर होते ही 4 KM तक रेंगते दिखे वाहन