दिल्ली में त्योहारों पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, गलत पार्किंग करने वालों के एक हफ्ते में काटे 8351 चालान
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने त्योहारी सीजन में गलत पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पिछले एक सप्ताह में ...और पढ़ें

गलत पार्किंग करने वालों दिल्ली पुलिस की सख्ती। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में बाजारों और प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने के बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गलत पार्किंग के खिलाफ अभियान तेज किया है। उत्तरी रेंज की ट्रैफिक टीम ने पिछले एक सप्ताह में गलत तरीके से वाहन पार्क करने वालों के 8,351 चालान काटे।
एक सप्ताह में 8,351 चालान काटे
यातायात को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान व्यस्त बाजारों, मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चलाया गया। यातायात पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, विशेष अभियान के तहत सड़क किनारे और प्रतिबंधित स्थानों पर गलत तरीके से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
त्योहारी सीजन में बढ़ा यातायात का दबाव
त्योहारी सीजन में खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की आवाजाही और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने से सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका रहती है। गलत पार्किंग से जाम न लगे, इसके लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ाई है।
गलत पार्किंग से पैदल चलने वालों को परेशानी
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, गलत पार्किंग से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और सड़क व फुटपाथ पर रुकावट पैदा होती है। इससे पैदल चलने वालों को भी परेशानी होती है। अभियान का मकसद यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना और सड़कों पर अनुशासन बनाए रखना है।
